सीएस ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, देर से पहुंचने वालों को लगायी फटकार

साहिबगंज (फाइल फोटो)
साहिबगंज सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने औचक निरीक्षण किया और समय पर ड्यूटी न आने वाले कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
साहिबगंज सदर अस्पताल में सोमवार दोपहर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, समयपालन और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में सिविल सर्जन ने चिकित्सकों और कर्मचारियों से एक-एक कर ड्यूटी पर पहुंचने का समय पूछा. किसी ने सुबह 9:15 बजे तो किसी ने 9:30 बजे अस्पताल पहुंचने की जानकारी दी. निर्धारित समय से विलंब से ड्यूटी पर पहुंचने वाले चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को उन्होंने कड़ी फटकार लगायी.
डॉ. रामदेव पासवान ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें उस दिन कम-से-कम छह घंटे की ड्यूटी पूरी करनी होगी. यदि कोई कर्मचारी निर्धारित कार्य अवधि पूरी किए बिना अस्पताल छोड़ता है, तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. सिविल सर्जन ने कहा कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी समय का कड़ाई से पालन करें, अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायें. उन्होंने दोहराया कि अस्पताल में अनुशासन और समयपालन के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










