शुभेंदु अधिकारी का ऐलान- फिर यूरोप से जुड़ेगा कोलकाता, कल्याणी में एयरपोर्ट, दुर्गापुर, सिलीगुड़ी में चलेगी मेट्रो

Updated:
विज्ञापन

नयी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते शुभेंदु अधिकारी और अर्जुन सिंह.

पश्चिम बंगाल में परिवहन व्यवस्था में बदलाव शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता से यूरोप के लिए सीधी उड़ानें बहाल करने, कल्याणी में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

विज्ञापन

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार (21 जुलाई) को राज्य के बुनियादी ढांचे और परिवहन व्यवस्था के कायाकल्प के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है. कोलकाता के परिवहन भवन-दो से 50 नयी वातानुकूलित (AC) बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग से बंगाल को आर्थिक बदहाली से बाहर निकालने और परिवहन ढांचे को विश्वस्तरीय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

विज्ञापन

कोलकाता से फिर शुरू होंगी यूरोप और लंदन की सीधी उड़ानें

पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार की जमकर आलोचना की. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कोलकाता का अधिकांश यूरोपीय देशों से सीधा हवाई संपर्क था, जो पिछली सरकार में बंद हो गया. वर्तमान में लंदन सहित किसी भी यूरोपीय शहर के लिए यहां से सीधी उड़ान नहीं है. हमारी सरकार केंद्र के साथ मिलकर इसे जल्द बहाल करेगी.

पश्चिम बंगाल परिवहन सेवा के बेड़े में शामिल हुई नयी बसें.
पश्चिम बंगाल परिवहन सेवा के बेड़े में शामिल हुई नयी बसें.

कल्याणी में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्व केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोलकाता के पास दूसरे हवाई अड्डे के लिए भांगड़ में जमीन मांगी थी, लेकिन तब की कमजोर सरकार ने मना कर दिया था. अब राज्य सरकार कल्याणी में एक नया ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा (Greenfield Airport) विकसित करने की योजना पर काम कर रही है.

ये भी पढ़ें: मेट्रो टनल में बारिश का पानी घुसने के लिए निगम जिम्मेदार नहीं : मेयर

जोका से दमदम एयरपोर्ट तक मेट्रो सेवा

राज्य में ‘डबल इंजन सरकार’ के फायदे गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार की अपनी योजना भी बतायी. उन्होंने कहा कि जोका से दमदम हवाई अड्डे तक कोलकाता मेट्रो विस्तार के तहत चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग का जो मुद्दा पिछली सरकार 17 महीने में नहीं सुलझा पायी, उसे उनकी सरकार ने 17 दिनों में हल कर दिया.

दुर्गापुर, सिलीगुड़ी में मेट्रो और कोलकाता में वाटर मेट्रो

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलकाता के बाहर औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों को जोड़ने के लिए दुर्गापुर-आसनसोल तथा सिलीगुड़ी-जलपाईगुड़ी के बीच मेट्रो परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इसके लिए विश्व बैंक, एडीबी (ADB) और हुडको (HUDCO) से वित्तीय मदद के विकल्प तलाशे जायेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार ने कोलकाता में ‘वाटर मेट्रो’ शुरू करने का सैद्धांतिक फैसला किया है, जिससे कोलकाता यह सुविधा देने वाला देश का 17वां शहर बन जायेगा.

8 लाख करोड़ के कर्ज से उबारेगा परिवहन क्षेत्र : शुभेंदु

शुभेंदु अधिकारी ने वाममोर्चा और टीएमसी की पूर्ववर्ती सरकारों पर राज्य को लगभग 8 लाख करोड़ रुपए के भारी कर्ज के बोझ तले दबाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग राजस्व अर्जित कर राज्य को इस आर्थिक बदहाली से बाहर निकालेगा. केंद्र की 60:40 वित्तीय भागीदारी योजना के तहत उत्तर बंगाल (NBSTC), पश्चिम बंगाल (WBTC) और दक्षिण बंगाल (SBSTC) परिवहन निगमों के डिपो में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाये जायेंगे और बेड़े में भारी संख्या में सीएनजी और ई-बसें शामिल की जायेंगी.

ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी ने दी कोलकाता को सौगात, केरल के तर्ज पर शुरू होगी वाटर मेट्रो सेवा

निवेश करेंगे उद्योगपति, युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आधुनिक परिवहन ढांचे से राज्य में बड़े उद्योगपति निवेश करेंगे, जिससे बंगाल के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे. कार्यक्रम में राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह और मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल भी मंच पर मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola