संचिकाओं के रखरखाव में लापरवाही पर बिगड़े डीसी

Updated at : 27 Feb 2025 8:19 PM (IST)
विज्ञापन
संचिकाओं के रखरखाव में लापरवाही पर बिगड़े डीसी

सीएस कार्यालय में भी मिली गड़बड़ियां

विज्ञापन

साहिबगंज. जिला डीसी हेमंत सती ने गुरुवार को जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने श्रम विभाग, खाद्य निरीक्षक कार्यालय और सिविल सर्जन कार्यालय का गहन निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं उजागर हुईं, जिस पर डीसी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. डीसी ने सबसे पहले श्रम विभाग कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की. श्रमिकों के पंजीकरण, योजनाओं के कार्यान्वयन और पंजी संधारण से संबंधित दस्तावेजों की विस्तार से जांच की गई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ योग्य श्रमिकों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने विशेष रूप से निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के तहत श्रमिकों के पंजीकरण और आवेदनों के निपटारे की गति बढ़ाने का निर्देश दिया. डीसी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी, और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी. खाद्य निरीक्षक कार्यालय में अनियमितताएं इसके बाद डीसी ने खाद्य निरीक्षक कार्यालय का दौरा किया, जहां खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई. निरीक्षण के दौरान खाद्य सैंपल पंजी संधारण में गंभीर अनियमितताएं पाई गयीं. कई सैंपलों का रिकॉर्ड सही ढंग से संधारित नहीं किया गया था, जिस पर डीसी ने नाराजगी जतायी. उन्होंने खाद्य निरीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि खाद्य सैंपलों की जांच में पूरी पारदर्शिता और तत्परता बरती जाये. डीसी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जायेगा और बाजारों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाये. मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी आदेश दिया गया. सिविल सर्जन कार्यालय में मिली गंभीर लापरवाही निरीक्षण के अंतिम चरण में डीसी सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रत्येक कक्ष में जाकर कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रधान लिपिक द्वारा संचिकाओं का संधारण ठीक से नहीं किया जा रहा था. दस्तावेजों के रखरखाव में लापरवाही को देखते हुए डीसी ने प्रधान लिपिक को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से उसका वेतन स्थगित करने का आदेश दिया. साथ ही, उससे स्पष्टीकरण देने को कहा गया. डीसी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि कार्यालय में सभी दस्तावेजों का सही ढंग से संधारण किया जाये और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाये. योजनाओं के लाभुकों को समय पर लाभ देने के निर्देश निरीक्षण के दौरान डीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों को समय पर दिया जाये. उन्होंने कहा कि ये योजनाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान डीसी ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी कार्यालयों में कार्यप्रणाली को सुधारना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनियमितता बरती गई, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालयों की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाये, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के समय पर मिल सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola