फेसबुक पर देखा 50 लाख का लालच, पुराने नोट के नाम पर युवक से ठगे 43 हजार रुपये

प्रसारित किया जा रहा विज्ञापन. | Prabhat Khabar Network
साहिबगंज में फेसबुक पर पुराने नोट के बदले 50 लाख रुपये का इनाम देने के नाम पर युवक से 43,220 रुपये की ठगी। पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
साहिबगंज: पहले साइबर ठग आपको कॉल करते थे, SMS भेजते थे, लॉटरी लगने और सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगते थे, कभी-कभी फर्जी APK भी भेज देते थे. लेकिन अब खेल बदल गया है. अब लालच इतना बड़ा है कि लोग खुद लाखों का इनाम पाने के चक्कर में साइबर ठगों को कॉल कर रहे हैं और अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई दे रहे हैं.
साहिबगंज में इसका ताजा मामला रांगा थाना क्षेत्र के पतना चौक का है, जहां एक युवक फेसबुक पर 'पुराने नोट के बदले 50 लाख इनाम' के विज्ञापन में फंसकर 43,220 रुपए गंवा बैठा. 29 जुलाई को युवक ने फेसबुक पर 'Raj Gyani Old Coin Company' नाम से एक वीडियो देखा. उसमें दावा किया गया था कि पुराने नोट-सिक्के 80 लाख रुपए तक में बिकेंगे.
वीडियो में दिया गया व्हाट्सएप नंबर 7988330531 पर संपर्क करने को कहा गया था. युवक ने नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले ने खुद को 'Old Coin Company' का पदाधिकारी बताया. भरोसा जीतने के लिए ठग ने व्हाट्सएप पर लगातार वीडियो और फोटो भेजे. फिर नोट देखने के बाद 50 लाख रुपए इनाम देने की बात कही.
इसके बाद ठगी शुरू हुई. ठग ने अलग-अलग नाम पर पैसे मांगे. पहले रजिस्ट्रेशन फीस 720 रुपए, फिर कूरियर चार्ज 5000 रुपए, उसके बाद जीएसटी चार्ज 4999 रुपए, फिर 14,999 रुपए और 17,502 रुपए. सभी पैसे Upendra Prasad के UPI ID XXXXXX4606@mbk पर ट्रांसफर करवाए गए.
इस प्रकार कुल 43,220 रुपए ठग लिए गए. जब युवक को शक हुआ और उसने आगे पैसा देने से मना किया तो ठग ने डराने का खेल शुरू कर दिया. ठग ने कहा कि बरहेट बाजार के पेट्रोल पंप के पास 50 लाख रुपए लोड एक गाड़ी खड़ी है. अगर पैसा नहीं भेजोगे और गाड़ी से पैसा चोरी हो गया तो तुम्हारे खिलाफ थाना में केस कर देंगे.
युवक को डराने के लिए ठग ने बड़े पुलिस ऑफिसर और सुरक्षाकर्मियों की फोटो भी भेजी और कार्रवाई की धमकी दी. पीड़ित ने पूरे मामले को लेकर रांगा थाना में लिखित आवेदन दिया है. आवेदन में ठगों के दो मोबाइल नंबर 7988330531 और 8053027392 का भी जिक्र किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इस संबंध में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर 'पुराने नोट-सिक्के महंगे दाम में खरीदने' वाले किसी भी विज्ञापन पर भरोसा न करें. RBI ने ऐसा कोई इनाम या खरीद की घोषणा नहीं है. किसी भी प्रोसेसिंग, जीएसटी, ट्रांसपोर्ट के नाम पर पैसा न भेजें. ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें.
आए दिन देश के विभिन्न स्थानों से ऐसे स्कैम का मामला सामने आ रहा है, बावजूद इसके लोग जागरुक नहीं हो रहे हैं. स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे-बच्चियों से अनुरोध है कि वे अपने अभिभावकों को इस तरह के झांसे के बारे में जागरुक करें और उन्हें सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालच से सावधान रहने की सलाह दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










