जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े गैंगस्टर के संपर्क में होने का आरोप, बरहरवा की अर्पिता की गिरफ्तारी से गांव में हड़कंप

ग्वालखोर (करेला) स्थित अर्पिता सरकार का घर. | Prabhat Khabar Network
ISI से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग के सदस्य हमीर मंडल और उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को बंगाल STF ने गिरफ्तार किया। जानिए क्या है पूरा हनी ट्रैप मामला।
बरहरवा: पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आईएसआई गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान में गिरफ्तार हमीर मंडल एवं उसकी गर्लफ्रेंड साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र के ग्वालखोर करेला से गिरफ्तार अर्पिता सरकार की 4 साल पहले दोस्ती हुई और दोस्ती प्यार में बदला लेकिन जैसे ही पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीने पहले सत्ता परिवर्तन हुआ उसके बाद से प्लेन बी के तहत हमीर ने अर्पिता को हनी ट्रैप में लगाने का काम शुरू कर दिया लेकिन यह मामला कुछ आगे बढ़ता, तब तक खुफिया इनपुट के आधार पर पश्चिम बंगाल एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुये उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के क्रम में बंगाल एसटीएफ को और भी कई चौंकाने वाले तथ्य हाथ लगे हैं. सोशल मीडिया के अलावा एक विशेष प्रकार के मोबाइल एप से भी वे लोग एक-दूसरे के संपर्क में थे. अर्पिता पाकिस्तान में बैठे आतंकियों से भी बात कर जानकारी साझा करती थी. इस काम में उसे काफी मजा भी आया करता था लेकिन उसे कहां पता था कि उसकी यह चालाकी एक दिन पकड़ी जाएगी और हुआ भी वही.
अर्पिता की गिरफ्तारी के बाद हैरान हुए गांव के लोग
अर्पिता सरकार का परिवार आर्थिक रूप से बहुत अधिक संपन्न नहीं है. अब अर्पिता की संदिग्ध गतिविधि में बंगाल एसटीएफ द्वारा गिरफ्तारी किये जाने के बाद गांव के लोग भी काफी हैरान हैं. गांव के लोग बताते हैं कि उसके पिता छोटे से किराना का दुकान चलते हैं और जेएसएलपीएस में काम भी करते हैं.
उनके घर की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है. लेकिन, अर्पिता इधर कुछ दिनों से सोशल मीडिया में काफी आकर्षक तस्वीर और वीडियो साझा कर रही थी. जिसे देखकर गांव के लोग दबी मुंह बात करते थे कि आखिर इतनी चमक-धमक के पीछे की बात क्या है. गांव के लोग बताते हैं कि वह व्यवहार से मिलनसार है और अक्सर बरहरवा अपने स्कूटी से जाया करती थी. कॉलेज से आने के बाद वह घर पर ही रहती थी, कभी-कभी बाहर भी जाती थी. लेकिन, कहां जाती थी यह नहीं पता.
चार सदस्य एसटीएफ की टीम बंगाल से आई थी झारखंड
हमीर मंडल के ऊपर प्राथमिकी दर्ज और उसे गिरफ्तार करने के बाद उसकी गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को गिरफ्तार करने के लिये सब इंस्पेक्टर अनुभव साह, सब इंस्पेक्टर सोनिया शर्मा के नेतृत्व में चार सदस्य एसटीएफ की टीम झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना आयी थी.
जहां अर्पिता सरकार को गिरफ्तार कर पश्चिम बंगाल के बर्द्धमान लेकर चली गयी. अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी में बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार एवं अन्य पुलिस बल उनके साथ मौजूद रहे.
कोलकाता से भाग कर 3 महीने पहले बर्द्धमान में लिया था किराये का फ्लैट
बंगाल एसटीएफ के द्वारा गिरफ्तार किया गया हमीर मंडल पहले कोलकाता के न्यू टाउन इलाके में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी घर के आसपास रहा करता था. लेकिन, वहां पर पुलिस जांच एवं सत्ता परिवर्तन के बाद वह बर्द्धमान आ गया और यहां पर रैनसा हाउसिंग अपार्टमेंट में एकता मेहरा का फ्लैट किराये पर लेकर रह रहा था और बगल में ही कुछ ही दूरी पर प्रत्येक दिन वह जिम भी जाया करता था.
वह कोलकाता से बर्द्धमान जब आया तो उसके साथ कौन-कौन था, उसके रहन-सहन और खान-पान तथा अन्य खर्च का पैसा कहां से आता था, इस बात का भी पता लगाने में बंगाल एसटीएफ लगी हुयी है.
अर्पिता के पिता बोले- निर्दोष है मेरी बेटी
एसटीएफ के द्वारा गिरफ्तार किये गये अर्पिता सरकार के पिता सुजीत सरकार ने बताया कि उनकी बेटी निर्दोष है. क्योंकि, उसने ऐसी किसी भी घटना को अंजाम नहीं दिया है. उसे जानबूझकर फंसाया गया है. उसने जो कुछ भी मोबाइल से, व्हाट्सएप से, इंस्टाग्राम और फेसबुक से किया है, अनजाने में किया है.
वह नहीं जानती थी कि इसके पीछे कौन-कौन से लोग हैं, वह एक नई जनरेशन की लड़की है. कॉलेज में पढ़ाई करती है. स्टूडेंट है, घर में घरेलू काम भी करती है. लेकिन, वह इस चंगुल में कैसे फंस गई या फंसाया गया है, इसकी अच्छे से जांच कर मेरी बेटी को न्याय दिया जाये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










