Ranchi News: टाटा ट्रस्ट राज्य में कैंसर स्क्रीनिंग का कार्यक्रम चलाने के लिए तैयार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 17 Feb 2025 11:24 PM
Ranchi News : झारखंड में टाटा ट्रस्ट कैंसर की देखभाल को सशक्त करने और सुविधाओं को बेहतर करने में अपनी भूमिका निभायेगा.
रांची. झारखंड में टाटा ट्रस्ट कैंसर की देखभाल को सशक्त करने और सुविधाओं को बेहतर करने में अपनी भूमिका निभायेगा. कैंसर से बचाव और इलाज के लिए बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने में ट्रस्ट सरकार की मदद करेगा. रविवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने टाटा ट्रस्ट के सीइओ सिद्धार्थ शर्मा और अधिकारियों के साथ बैठक की.
स्क्रीनिंग के महत्व पर दिया जोर
मौके पर ट्रस्ट के सीइओ श्री शर्मा ने कैंसर की देखभाल को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार साझा किये. उन्होंने कैंसर के प्रभावी उपचार के लिए शुरुआती जांच और स्क्रीनिंग के महत्व पर जोर दिया. वित्त मंत्री को बताया कि इसके तहत ट्रस्ट झारखंड के सरायकेला, रांची और खूंटी में सक्रिय रूप से काम कर रहा है. वित्त मंत्री का कहना था कि इसे पूरे राज्य में किया जाये. इस पर ट्रस्ट के सीइओ ने कहा कि झारखंड में राज्य सरकार और प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर कैंसर उपचार में टाटा ट्रस्ट अपना सहयोग देना चाहता है. झारखंड के हर जिले में इस पहल का विस्तार करने के लिए निजी कंपनियों को अपनी कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेवारी के तहत आगे आना चाहिए. सीएसआर के तहत कंपनियां इसमें सहयोग कर सकती हैं.कैंसर देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे
मंत्री श्री किशोर ने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड में कैंसर देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े. सरकार इस दिशा में मेडिकल साइक्लोट्रॉन सुविधा स्थापित करने पर कार्य कर सकती है, जिससे पेट-सीटी सेंटरों को आवश्यक आपूर्ति मिलेगी और कैंसर निदान की लागत कम होगी.टाटा ट्रस्ट के सुझावों से सीएम को अवगत करायेंगे
वित्त मंत्री श्री किशोर ने कहा कि टाटा ट्रस्ट के सुझावों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी को अवगत करायेंगे. राज्य में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य प्रक्षेत्र में प्राथमिकता के साथ काम करना चाहती है. झारखंड सरकार इस दिशा में टाटा ट्रस्ट जैसे अनुभवी संगठनों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










