विधानसभा में आंदोलनकारियों पर फिर बरसा पुलिस का डंडा, छात्र नेता बोले- अब सीधे CM से बात होगी
पहली तस्वीर में लाठी चार्ज के बाद मीडिया के सामने प्रतिक्रिया देते छात्र और दूसरे में प्रदर्शन करती एक छात्रा को उठाकर ले जाती पुलिस
झारखंड विधानसभा के बाहर जेपीएससी और जेएसएससी आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे भगदड़ मच गई. छात्रों ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से सीधी बात करने की मांग की है.
JPSC JSSC Students Protest, रांची: झारखंड विधानसभा के बाहर पिछले कई घंटों से डटे जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) के आंदोलनकारियों पर पुलिस ने देर शाम दूसरी बार लाठीचार्ज कर दिया. अचानक हुए इस लाठीचार्ज के बाद मौके पर भगदड़ मच गई और छात्रों को जान बचाकर इधर-उधर भागना पड़ा. इस कार्रवाई में कई छात्रों के साथ-साथ कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों पर भी पुलिस की लाठियां बरसीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. इस दौरान "वी वांट जस्टिस" का नारा लगा रही एक छात्रा भी बेहोश हो गई, जिसे साथी छात्रों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया.
"तानाशाह न बनें CM'', भड़के छात्र ने दी चेतावनी
पुलिस द्वारा बल प्रयोग के बाद छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. उग्र हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई घोषणाएं कर डाली. अब आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि अब वे सरकार के किसी भी प्रतिनिधि या मंत्री से बात नहीं करेंगे. उनकी सीधी मांग है कि मुख्यमंत्री खुद आकर उनसे बात करें.
ये भी पढ़ें: दो वर्षीय बीएड डिग्री मामले में हाइकोर्ट का निर्देश, सहायक आचार्य की 70 सीटें खाली रखें
छात्रों ने लगाया सरकार पर तानाशाही का आरोप
छात्रों ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "सरकार तानाशाह न बने. राज्य के युवाओं ने जिस तरह आपको सत्ता के शिखर पर बैठाया है, उसी तरह सत्ता से उखाड़ फेंकने की हिम्मत भी रखते हैं." उनका कहना है कि वे केवल पारदर्शी परीक्षा और सीबीआई (CBI) जांच की वाजिब मांग कर रहे हैं. जिस तरह से शांत छात्रों और पत्रकारों पर लाठियां बरसाई गई हैं, उसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अब यह लड़ाई सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का जन-आंदोलन बनेगा.
ये भी पढ़ें: रांची में सियासी घमासान शुरूः विधानसभा पहुंचे देवेंद्र महतो, जगन्नाथपुर मंदिर के पास 3 लेयर बैरिकेडिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










