Jharkhand Vidhan Sabha March: छात्रों पर लाठी चार्ज के बाद बोले छात्र नेता, 'अब सीएम से ही होगी बात'

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है. 10 अगस्त 2026 को आंदोलनकारी छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया. पुलिस ने आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया. वाटर कैनन से पानी की बौछार की. छात्रों ने रेन डांस किया. दिनभर छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा और वे विधानसभा के गेट नंबर-1 पर डटे रहे, लेकिन शाम सात बजे के बाद पुलिस ने दोबारा लाठीचार्ज कर छात्रों को विधानसभा से खदेड़ दिया.

विज्ञापन

विधानसभा के पास देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

रांची में विधानसभा के पास JPSC-JSSC छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शन के बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई. इसके बाद मौके पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई. छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा के सामने डटे हुए थे. प्रदर्शनकारी सरकार से JPSC-JSSC परीक्षा विवाद से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग कर रहे हैं. पुलिस और छात्रों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया.

पुलिस ने मीडिया कर्मियों पर चलाई लाठी

रांची में JPSC-JSSC छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया. इसी बीच मौके पर कवरेज कर रहे कुछ मीडिया कर्मियों पर भी पुलिस द्वारा लाठी चलाने की बात सामने आई. घटना के बाद पत्रकारों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मीडिया कर्मी प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई की तस्वीरें एवं वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे. इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई की चपेट में कुछ पत्रकार भी आ गए. विधानसभा के आसपास पहले से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था. प्रदर्शन स्थल पर तनाव के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति लगातार बिगड़ती रही.

Image

छात्रों पर लाठी चार्ज के बाद बोले छात्र नेता, 'अब सीएम से ही होगी बात'

विधानसभा में छात्रों पर पुलिस की ओर से लाठी चार्ज किए जाने के बाद छात्र नेताओं ने कहा कि अब किसी मंत्री से बात नहीं होगी. बात सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से होगी. आंदोलनकारियों का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों पर सरकार की पुलिस ने लाठी बरसाया है. इसलिए अब सरकार के किसी मंत्री से नहीं, सीधे सीएम हेमंत सोरेन से बात होगी.

विधानसभा में छात्रों पर फिर लाठी भांजी पुलिस, 'वी वांट जस्टिस' का नारा लगाते हुए बेहोश हुई छात्रा

रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान एक बार फिर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी. विधानसभा परिसर में छात्रों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने एक बार फिर लाठीचार्ज किया. इसी दौरान एक छात्रा ‘वी वांट जस्टिस’ का नारा लगाते हुए बेहोश हो गई. छात्रा के बेहोश होने के बाद मौके पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों में अफरा-तफरी मच गई. साथियों ने उसे संभालने का प्रयास किया. प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने आंदोलन को दबाने के लिए बल प्रयोग किया. छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं.

Image

विधायक आवास के पास विधानसभा के सामने डटे छात्र

रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र विधायक आवास से निकलकर विधानसभा के सामने डटे हुए हैं. छात्रों ने स्पष्ट कहा कि वे अब यहीं धरना देंगे और उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा. प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं और सरकार से तत्काल समाधान की मांग कर रहे हैं. विधानसभा के आसपास छात्रों की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार ठोस फैसला नहीं लेती, वे प्रदर्शन स्थल से हटने वाले नहीं हैं.

छात्रों पर लाठी चार्ज पर राहुल गांधी ने एक्स पर किया पोस्ट, लिखे - बल प्रयोग गलत

कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने रांची में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किए जाने पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा है, 'झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के ख़िलाफ़ बल का इस्तेमाल गलत है. छात्रों को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है और बातचीत से ही समाधान निकल सकता है. झारखंड सरकार को इन छात्रों की बात सुननी चाहिए और हर समस्या का तुरंत समाधान करना चाहिए.'

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola