Jharkhand NEET UG 2026 Counselling: मेरिट लिस्ट जारी, सर्वर की समस्या से च्वाइस फिलिंग नहीं कर पा रहे छात्र
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद का रांची स्थित कार्यालय. फाइल फोटो
झारखंड NEET UG 2026 काउंसलिंग प्रक्रिया सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण अटक गई है. छात्र च्वाइस फिलिंग नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं. जानें जेसीईसीईबी की ओर से क्या अपडेट है.
Jharkhand NEET UG 2026 Counselling: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की ओर से नीट-यूजी 2026 के परिणाम के आधार पर स्टेट मेडिकल काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इसके तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों में नामांकन होगा. पर्षद की ओर से नीट-यूजी 2026 के परिणाम के आधार पर स्टेट मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है. इसमें कुल 3227 छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है.
वेबसाइट ने बढ़ायी छात्रों की परेशानी
स्टेट मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को अब च्वाइस फिलिंग करनी है. इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प भरेंगे. लेकिन वेबसाइट के सर्वर में तकनीकी समस्या आने के कारण च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया प्रभावित हो गई है. अभ्यर्थी वेबसाइट पर काउंसिलिंग के लिए दिए गए लिंक के माध्यम से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.
शनिवार से वेबसाइट में दिक्कत
छात्र-छात्राओं के अनुसार, शनिवार से ही जेसीईसीईबी की वेबसाइट में परेशानी आ रही है. काउंसिलिंग के लिए उपलब्ध कराया गया लिंक और संबंधित पेज खुल नहीं रहा है. कई बार प्रयास करने के बावजूद अभ्यर्थी च्वाइस फिलिंग वाले पेज तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे निर्धारित समय के भीतर काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी करने को लेकर छात्र-छात्राओं की चिंता बढ़ गई है.
च्वाइस फिलिंग नहीं होने से अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ी
अभ्यर्थियों के लिए च्वाइस फिलिंग काउंसिलिंग प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है. इसी दौरान उन्हें अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प देना होता है. वेबसाइट नहीं खुलने के कारण छात्र अपनी पसंद दर्ज नहीं कर पा रहे हैं. छात्रों का कहना है कि तकनीकी समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो निर्धारित समय सीमा में च्वाइस फिलिंग पूरी करना मुश्किल हो सकता है.
तकनीकी समस्या दूर करने का काम जारी: जेसीईसीईबी
जेसीईसीईबी से मिली जानकारी के अनुसार, वेबसाइट के सर्वर में तकनीकी समस्या आई है. पर्षद की ओर से इस समस्या को दूर करने का काम किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी समस्या जल्द ठीक कर ली जाएगी. इसके बाद छात्र-छात्राएं सामान्य रूप से काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
19 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग, 20 अगस्त को संशोधन
काउंसिलिंग कार्यक्रम के अनुसार स्टेट मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद 19 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग की समय सीमा निर्धारित की गई है. अभ्यर्थी इस अवधि में अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का विकल्प भर सकेंगे. वहीं, च्वाइस फिलिंग में किसी प्रकार का संशोधन 20 अगस्त को किया जा सकेगा. तकनीकी समस्या के बीच अब छात्रों की नजर इस बात पर है कि वेबसाइट कब सामान्य रूप से काम करना शुरू करती है.
22 से 28 अगस्त तक सीट अलॉटमेंट
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीट आवंटन की प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू होगी. अभ्यर्थी 22 से 28 अगस्त तक सीट आवंटन की जानकारी प्राप्त करने के साथ प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड कर सकेंगे. सीट आवंटन के बाद संबंधित अभ्यर्थियों को आगे की नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
23 से 28 अगस्त तक होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
सीट आवंटन के बाद दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 23 से 28 अगस्त तक निर्धारित की गई है. इस दौरान अभ्यर्थियों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा. सीट आवंटन के बाद नामांकन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए निर्धारित अवधि में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराना जरूरी होगा.
इसे भी पढ़ें: NEET UG Counselling 2026 में बदलाव, MCC ने बदला राउंड 1 का शेड्यूल
चार राउंड में पूरी होगी स्टेट मेडिकल काउंसिलिंग
जेसीईसीईबी की ओर से स्टेट मेडिकल काउंसिलिंग की पूरी प्रक्रिया चार राउंड में आयोजित की जाएगी. नीट-यूजी 2026 के परिणाम के आधार पर तैयार स्टेट मेरिट लिस्ट के जरिए राज्य के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों में नामांकन दिया जाएगा. फिलहाल 3227 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी हो चुकी है, लेकिन सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण च्वाइस फिलिंग शुरू नहीं कर पाने से अभ्यर्थियों की परेशानी बढ़ गई है. पर्षद ने समस्या जल्द दूर करने की बात कही है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में कनीय स्तर के अभियंता बने हुए हैं जिला अभियंता, सरकारी आदेश का हो रहा उल्लंघन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










