ePaper

झामुमो नेता अंतु तिर्की सहित तीन के ठिकानों पर इडी का छापा

Updated at : 17 Apr 2024 12:44 AM (IST)
विज्ञापन
झामुमो नेता अंतु तिर्की सहित तीन के ठिकानों पर इडी का छापा

Ranchi- Jharkhand-16.4.24- ED raid at the residence of Jharkhand Mukti Morcha Member Antu Tirkey, near old JMM party office, in Ranchi on Tuesday. Photo By--Somnath Sen Photojournalist, C/O Sen Studio 15th Purulia Road, Ranchi Jharkhand-834001 MO-09431392036. Mail-somnathpix@gmail.com

प्रवर्तन निदेशालय (इडी) की टीम ने हेमंत सोरेन से जुड़े जमीन मामले में मंगलवार को जमीन के कारोबार से जुड़े झामुमो नेता अंतु तिर्की के अलावा प्रियरंजन सहाय और ठेकेदार बिपिन सिंह के ठिकानों पर छापा मारा.

विज्ञापन

प्रवर्तन निदेशालय (इडी) की टीम ने हेमंत सोरेन से जुड़े जमीन मामले में मंगलवार को जमीन के कारोबार से जुड़े झामुमो नेता अंतु तिर्की के अलावा प्रियरंजन सहाय और ठेकेदार बिपिन सिंह के ठिकानों पर छापा मारा. इस दौरान इडी की टीम ने जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज जब्त किये. साथ ही छापेमारी के दायरे में शामिल लोगों के मोबाइल फोन समेत अन्य डिजिटल डिवाइस भी जब्त कर लिये गये. देर रात अंतु तिर्की और बिपिन सिंह को इडी के अधिकारी अपने साथ हिनू स्थित क्षेत्रीय कार्यालय ले गये. वहीं दोनों से पूछताछ की जा रही है. दूसरी ओर इडी ने अफसर अली उर्फ अफसू खान को भी गिरफ्तार कर लिया है. इससे हेमंत सोरेन से जुड़े मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या चार हो गयी. हेमंत सोरेन से जुड़े जमीन मामले (इसीआइआर 18/022) में नौ अप्रैल 2024 को इडी ने जमीन के फर्जी दस्तावेज बनानेवाले गिरोह के मास्टरमाइंड सद्दाम को गिरफ्तार किया था. वह पहले से बरियातू स्थित सेना के कब्जेवाली जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में जेल में था. उससे हुई पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर इडी ने 16 अप्रैल को अंतु तिर्की, प्रियरंजन सहाय और बिपिन सिंह के ठिकानों पर छापा मारा. गौरतलब है कि हेमंत सोरेन के अवैध कब्जेवाली 8.86 एकड़ जमीन के एक हिस्से को पहले गैर आदिवासियों के नाम पर बेचा जा चुका था. इस मामले में चली न्यायिक कार्रवाई में फर्जी दस्तावेज के आधार पर आदिवासी जमीन के मालिक बने गैर आदिवासियों के पक्ष में फैसला हुआ था. जमीन की इस खरीद-बिक्री में भी फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल किया गया था.

अफसर के घर से मिले थे जमीन के 36 सेल डीड :

बरियातू स्थित सेना के कब्जेवाली जमीन मामले में दर्ज इसीआइआर 18/022 की जांच के दौरान अफसर अली को 13 अप्रैल 2023 को गिरफ्तार किया गया था. वह उसी वक्त से जेल में है. छापेमारी के दौरान उसके घर से जमीन के 36 सेल डीड सहित जमीन से जुड़े अन्य दस्तावेज जब्त किये गये थे. साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए रखे गये लोगों के मतदाता पहचान पत्र के अलावा अन्य दस्तावेज मिले थे. उसके ठिकानों से जिन लोगों की पहचान पत्र मिले थे, उसमें तमिलनाडु के पवित्र मोहन दशकर्णा के अलावा रांची के अमरुद्दीन अंसारी, विद्या डुंगडुंग, निशा रानी, जमील अंसारी सहित अन्य लोगों के नाम शामिल थे. इडी ने छापेमारी के दौरान उसके घर से मिले सेल डीड का ब्योरा सरकार के साथ साझा करते हुए कार्रवाई करने का अनुरोध किया था. इडी ने पिछले वर्ष भी ठेकेदार बिपिन सिंह के ठिकानों पर छापामारी की थी, लेकिन छापेमारी से एक दिन पहले वह सपरिवार अपने घर से गायब हो गया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola