Ranchi news : प्रो दिनेश सिंह नीलांबर-पीतांबर व प्रो अंजिला गुप्ता कोल्हान विवि के कुलपति नियुक्त

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 28 Feb 2025 6:34 PM

विज्ञापन

राज्यपाल के निर्देश पर राजभवन ने अधिसूचना जारी की. इनकी नियुक्ति योगदान की तिथि से तीन वर्ष तक के लिए की गयी है.

विज्ञापन

रांची. प्रो दिनेश कुमार सिंह को नीलांबर-पीतांबर विवि मेदिनीनगर और प्रो अंजिला गुप्ता को कोल्हान विवि चाईबासा का कुलपति बनाया गया है. राज्यपाल के निर्देश पर उनके अपर मुख्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी है. इनकी नियुक्ति योगदान की तिथि से तीन वर्ष तक के लिए की गयी है. योगदान से पूर्व विजिलेंस क्लीयरेंस लेना अनिवार्य है.

दोनों विवि में कुलपति के पद दो वर्ष से खाली थे

उल्लेखनीय है कि दोनों विवि में कुलपति के पद लगभग दो वर्ष से खाली थे. इस वजह से संबंधित प्रमंडल के आयुक्त को कुलपति का प्रभार दिया गया था. नीलांबर-पीतांबर विवि में पहले डीएसपीएमयू के वीसी को प्रभार दिया गया था. बाद में प्रमंडलीय आयुक्त को वीसी का प्रभार मिला, जो 31 जनवरी 2025 को सेवानिवृत्त हो गये. इससे कामकाज पर असर पड़ने लगा था. राज्यपाल द्वारा गठित सर्च कमेटी द्वारा पहली बार मई 2023 में कुलपति व प्रतिकुलपति की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगा गया था. इसके बाद पुन: मार्च 2024 में आवेदन मांगे गये थे.

कौन हैं प्रो दिनेश कुमार सिंह

प्रो दिनेश कुमार सिंह गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि पंत नगर उत्तराखंड में वेजिटेबल साइंस विभाग के प्रोफेसर हैं. इसी विभाग में अध्यक्ष भी रहे हैं. इनके कार्यकाल में यह विभाग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की श्रेणी में आया.

कौन हैं प्रो अंजिला गुप्ता

प्रो अंजिला गुप्ता वर्तमान में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति हैं. प्रो गुप्ता को तत्कालीन राज्यपाल सह कुलाधिपति रमेश बैस के कार्यकाल में जून 2022 में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी का कुलपति बनाया गया था. उनके तीन वर्ष के कार्यकाल का अभी लगभग चार माह बचा हुआ था. प्रो गुप्ता अर्थशास्त्र विषय की प्रोफेसर हैं व झारखंड आने से पूर्व गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी बिलासपुर छत्तीसगढ़ में कुलपति थीं.

चार वीसी व चार प्रोवीसी की नियुक्ति बाकी

इधर, राज्य में विनोबा भावे विवि तथा सिदो-कान्हू मुर्मू विवि के अलावा झारखंड रक्षा शक्ति विवि तथा पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विवि घाटशिला में कुलपति की नियुक्ति की जानी है. वहीं, रांची विवि, नीलांबर-पीतांबर विवि, कोल्हान विवि, विनोबा भावे विवि में प्रतिकुलपति की नियुक्ति की जानी बाकी है. डॉ अंजिला गुप्ता के कोल्हान विवि के कुलपति पद पर योगदान करने के बाद जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में भी कुलपति का पद खाली हो जायेगा या फिर वैकल्पिक व्यवस्था होने तक डॉ गुप्ता को ही प्रभार दिया जा सकता है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola