ranchi news : रांची में पांच अक्तूबर तक वज्रपात के साथ बारिश के आसार

Updated at : 29 Sep 2025 7:40 PM (IST)
विज्ञापन
ranchi news : रांची में पांच अक्तूबर तक वज्रपात के साथ बारिश के आसार

एक अक्तूबर से मौसम एक बार फिर बिगड़ने की संभावना है. 30 सितंबर को अंडमान में एक मॉनसून टर्फ का निर्माण हो रहा है.

विज्ञापन

रांची. एक अक्तूबर से राज्य का मौसम एक बार फिर बिगड़ने की संभावना है. 30 सितंबर को अंडमान में एक मॉनसून टर्फ का निर्माण हो रहा है. इसके आधार पर एक अक्तूबर को उत्तरी व मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव वाले क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) का निर्माण हो रहा है. इसका असर झारखंड पर भी पड़ने की पूरी संभावना है. राजधानी रांची में एक से पांच अक्तूबर तक बादल छाये रहने और दोपहर बाद तेज हवा व वज्रपात के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सतीश चंद्र मंडल ने बताया है कि एक अक्तूबर की दोपहर से मौसम बिगड़ने की संभावना है. दो अक्तूबर को पूरे राज्य में बादल छाये रह सकते हैं और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है. खास कर देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद बोकारो जिले में कहीं-कहीं वज्रपात व तेज हवा के साथ भारी बारिश हो सकती है. वहीं तीन अक्तूबर को पूरे राज्य में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है. लेकिन, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. चार अक्तूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी एवं निकटवर्ती उत्तर-मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

29 दिनों में झारखंड में हो चुकी 188.5 मिमी बारिश

एक सितंबर से 29 सितंबर तक झारखंड में 188.5 मिमी बारिश हो गयी है. जबकि, सामान्य वर्षापात 219.4 मिमी है. यानि इस दौरान झारखंड में 14 प्रतिशत कम बारिश हुई है. झारखंड में मॉनसून अवधि एक जून से 30 सितंबर तक में अब तक कुल 1199.4 मिमी बारिश हुई है. जबकि सामान्य वर्षापात 1018.3 मिमी है. यानि झारखंड में इस मॉनसून अवधि में अब तक 18 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है. रांची में इस मॉनसून अवधि में अब तक 1551.2 मिमी बारिश हो गयी है. जबकि सामान्य वर्षापात 1024.9 मिमी है. यानि रांची में अब तक 51 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है. राज्य में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम में 53 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है. मौसम विभाग के अनुसार आठ से 10 अक्तूबर तक मॉनसून के वापस लौटने की संभावना व्यक्त की गयी है.

राज्य के सात जिला में अब भी सामान्य से कम बारिश

इस मॉनसून में जहां पूरे राज्य में 18 प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है, वहीं सात जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से कम बारिश हुई है. इनमें देवघर में 17 प्रतिशत, गढ़वा में सात प्रतिशत, गोड्डा में 18 प्रतिशत, हजारीबाग में तीन प्रतिशत, पाकुड़ में 33 प्रतिशत, साहिबगंज में 10 प्रतिशत और सिमडेगा में एक प्रतिशत कम बारिश हुई है. इधर, बारिश नहीं होने से अधिकतम तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी हो गयी है. रांची का अधिकतम तापमान सोमवार को 31.8 डिग्री सेसि रहा, जिसमें 24 घंटे में 2.4 डिग्री सेसि की वृद्धि हुई है. मेदिनीनगर में 34.6 डिग्री सेसि, जमशेदपुर में 33.6 डिग्री सेसि, बोकारो में 34.5 डिग्री सेसि. चाईबासा में 34.4 डिग्री सेसि अधिकतम तापमान रहा. जबकि राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाकुड़ में 37.1 डिग्री सेसि रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola