crime news : विकास की मौत पर परिजनों ने इलाज में लगाया लापरवाही का आरोप

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 02 Sep 2024 12:28 AM

विज्ञापन

उत्पाद सिपाही बहाली दौड़ में मौत का मामला

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, रांची/नामकुम़ साहिबगंज में उत्पाद सिपाही की बहाली में दौड़ रहे नामकुम के रामपुर निवासी विकास लिंडा (22 वर्षीय) की मौत हो गयी थी. शनिवार को दौड़ने के क्रम में वह बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में उसने रात को दम तोड़ दिया. विकास के परिजनों ने इस पूरे प्रकरण में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि दौड़ने के दौरान बेहोश होने पर विकास को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शाम सात बजे फोन पर विकास से बात हुई, उस समय वह बिल्कुल ठीक था. फिर अचानक क्या हुआ और कैसे उसकी मौत हुई, इस विषय में कुछ जानकारी नहीं दी गयी. उत्पाद सिपाही की बहाली में विकास अपनी चचेरी भाभी, भाई, बहन एवं गांव के दोस्तों के साथ गया था. इनलोगों ने बताया था कि अस्पताल पहुंचने पर इन्होंने विकास को खाना खिलाया था. अचानक सुबह में सूचना मिली कि विकास नहीं रहा. चाचा तुरिया लिंडा ने आरोप लगाया कि शाम में भतीजा ठीक था. रातभर डॉक्टरों ने पानी चढ़ाकर उसका बीपी लो कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी. मौत की सूचना देरी से दी गयी एवं परिजनों के पहुंचने से पहले उसके शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया. पिता की कैंसर से मौत के बाद विकास से थी परिवार वालों को उम्मीद : विकास के पिता बिजला लिंडा की 20 अक्टूबर 2023 को कैंसर से मौत हो गयी थी. इसके बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मां शांति देवी (आंगनबाड़ी सेविका) एवं विकास का बड़ा भाई पवन किसी तरह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करने लो. चार भाई-बहनों में छोटा विकास से परिवार वालों को बहुत उम्मीद थी. बड़ी उम्मीद के साथ मां, बहन एवं चाचा ने उसे भर्ती के लिए साहिबगंज भेजा था. घटना की सूचना मिलते ही घर में मचा कोहराम : विकास की मौत की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. आसपास के लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि विकास अब नहीं रहा. सभी लोग उसकी मां एवं बहन को संभालने में लगे थे. क्षेत्र के लोग भर्ती प्रकिया की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे थे. परिजनों ने सरकार से क्षतिपूर्ति की मांग की है. चचेरी भाभी एवं भाई-बहन के साथ गया था विकास : उत्पाद सिपाही की भर्ती के लिए विकास चचेरी भाभी, भाई-बहन एवं गांव के दोस्तों के साथ साहिबगंज गया था. सभी भर्ती के लिए उत्साहित थे. अचानक उसकी मौत की खबर पाकर घर में मातम पसर गया. रविवार को विकास के जीजा, बड़ा भाई एवं गांव के कुछ लोग शव लेने साहिबगंज रवाना हुए हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola