JAC NMMS Result 2026: झारखंड मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1800 विद्यार्थी हुए सफल

झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने जारी किया मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा का रिजल्ट
JAC NMMS Result 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. 7,206 परीक्षार्थियों में से 1,800 छात्र सफल हुए हैं, जिन्हें सालाना 12,000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी.
रांची से राणा प्रताप की रिपोर्ट
JAC NMMS Result 2026, रांची : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक – JAC) की ओर से आयोजित ‘राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा’ (NMMS) 2026 का परीक्षा परिणाम शुक्रवार को आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है. इस प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति परीक्षा में राज्यभर से कुल 1,800 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. जैक मुख्यालय के सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई.
जैक अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने जारी किया रिजल्ट
सभागार में जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने आधिकारिक तौर पर परीक्षा परिणाम जारी किया. उन्होंने इस परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं व्यक्त कीं. डॉ. हांसदा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह निरंतर परिश्रम करें और अपनी क्षमताओं को देश के विकास में लगाएं. इसके साथ ही, उन्होंने इस पूरी परीक्षा के कदाचारमुक्त और सफल संचालन के लिए शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधनों के प्रयासों की जमकर सराहना की. इस खास मौके पर जैक के सचिव जयंत कुमार मिश्र सहित काउंसिल के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Also Read: पिठोरिया में धूमधाम से की गई मंडा पूजा, दहकते अंगारों पर नंगे पैर चले शिवभक्त
7,206 परीक्षार्थियों में से 1,800 हुए सफल
जैक अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा में राज्यभर से कुल 7,206 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. कड़े मूल्यांकन के बाद इनमें से 1,800 मेधावी छात्रों ने सफलता का परचम लहराया है. काउंसिल की आधिकारिक वेबसाइट पर सभी सफल परीक्षार्थियों के रोल नंबर और नाम अपलोड कर दिए गए हैं, जहां से छात्र अपना रिजल्ट देख सकते हैं.
चयनित छात्रों को मिलेंगे सालाना 12,000 रुपये
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMS) झारखंड सरकार (शिक्षा मंत्रालय) द्वारा संचालित एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना है. यह परीक्षा विशेष रूप से सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) लेकिन मेधावी छात्रों के लिए आयोजित की जाती है. इस परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई के लिए प्रति वर्ष 12,000 रुपये (यानी 1,000 रुपये प्रति माह) की छात्रवृत्ति सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है, ताकि पैसों के अभाव में उनकी पढ़ाई न छूटे.
Also Read: झारखंड ट्रेजरी घोटाला: वित्त विभाग ने बढ़ाया जांच का दायरा, रांची-रामगढ़ के कर्मी रडार पर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










