Political News : भाकपा-माले का 7वां राज्य सम्मेलन कल से बोकारो में

Published by : PRADEEP JAISWAL Updated At : 20 Apr 2025 7:45 PM

विज्ञापन

भाकपा-माले का 7वां राज्य सम्मेलन 22 से 24 अप्रैल 2025 तक बोकारो के सेक्टर-2 स्थित कला केंद्र में आयोजित होगा. सम्मेलन का उदघाटन सत्र जन कन्वेंशन के रूप में आयोजित किया जायेगा.

विज्ञापन

रांची (वरीय संवाददाता). भाकपा-माले का 7वां राज्य सम्मेलन 22 से 24 अप्रैल 2025 तक बोकारो के सेक्टर-2 स्थित कला केंद्र में आयोजित होगा. सम्मेलन का उदघाटन सत्र जन कन्वेंशन के रूप में आयोजित किया जायेगा. इसका मंच विस्थापित अप्रेंटिस आंदोलन में शहीद हुए प्रेम महतो को समर्पित रहेगा.

इस जन कन्वेंशन को भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, प्रख्यात अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, पूर्व विधायक एवं पोलित ब्यूरो सदस्य आनंद महतो, विधायक अरुण चटर्जी, चंद्रदेव महतो तथा वाम दलों के शीर्ष नेतृत्व संबोधित करेंगे. सम्मेलन में एके रॉय, महेंद्र सिंह, गुरुदास चटर्जी और शांतिनाथ महतो के सपनों का झारखंड बनाने की दिशा पर विशेष रूप से चर्चा होगी. सम्मेलन में राज्यभर से एक हजार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे. भाकपा-माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने बोकारो के सेक्टर-3 डी स्थित जिला कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि यह सम्मेलन झारखंड में कॉरपोरेट फासीवाद, निजीकरण और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सुनियोजित संघर्ष का आह्वान करेगा. उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य में एक मजबूत वाम विकल्प को स्थापित करेगा. मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव देवद्वीप सिंह दिवाकर, राज्य कमेटी सदस्य भुवनेश्वर केवट, दिलीप तिवारी, बीएन मिश्रा, छात्र नेता त्रिलोकी नाथ मुख्य रूप से उपस्थित थे.

विस्थापन के मुद्दे पर आयोजित होगा विशेष सत्र

सम्मेलन में रोजगार, ज़मीन के मालिकाना हक और बड़े पैमाने पर हो रहे विस्थापन जैसे मुद्दों पर विशेष सत्र आयोजित किये जायेंगे. सम्मेलन में राज्य में बांध परियोजनाओं, थर्मल पावर प्लांट, सीसीएल, बीसीसीएल, इसीएल जैसी परियोजनाओं से विस्थापितों के सवाल पर चर्चा होगी. पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि बोकारो इस्पात नगरी में विस्थापित युवाओं का आंदोलन झारखंड की राजनीति में मजदूर-किसान और छात्र-युवा आंदोलन की नयी लहर पैदा करेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRADEEP JAISWAL

लेखक के बारे में

By PRADEEP JAISWAL

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola