सरदार पटेल के जन्म दिवस पर राष्ट्रीय एकता दौड़ में शामिल हुए सीएम, कहा- दिलों में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना हो
Updated at : 01 Nov 2019 8:28 AM (IST)
विज्ञापन

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 500 रियासतों को एक करने का काम किया. सिर्फ तीन रियासत उनके नियंत्रण में नहीं थे. इसमें एक कश्मीर भी था, जो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू देख रहे थे. अगर यह तीन रियासत सरदार पटेल के नियंत्रण में […]
विज्ञापन
रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 500 रियासतों को एक करने का काम किया. सिर्फ तीन रियासत उनके नियंत्रण में नहीं थे. इसमें एक कश्मीर भी था, जो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू देख रहे थे. अगर यह तीन रियासत सरदार पटेल के नियंत्रण में होती तो कश्मीर में 70 साल तक समस्या नहीं रहती.
सरदार पटेल को पूर्व में सम्मान देने का कार्य किसी ने नहीं किया. 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ओर ध्यान दिया और उनके जन्मदिन पर राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन कर उन्हें सम्मान दे रही है. श्री दास ने यह बातें गुरुवार को सरदार पटेल के जन्म दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दौड़ कार्यक्रम में कही. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी के दिल में एक भारत श्रेष्ठ भारत के निर्माण की भावना होनी चाहिए.
हमारे लिए देश पहले हो, यह प्राथमिकता हमें तय करनी है. इससे पहले जिला स्कूल से अलबर्ट एक्का चौक एकता दौड़ हुई. इसमें मुख्यमंत्री शामिल हुए. अलबर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को एकता की शपथ दिलायी. मौके पर सांसद संजय सेठ, अन्नपूर्णा देवी, जीतू चरण राम, गंगोत्री कुजूर, मुख्य सचिव डीके तिवारी, डीजीपी कमल नयन चौबे, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार बर्णवाल आिद मौजूद थे.
राज्यपाल ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को सरदार पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. राजभवन में राज्यपाल ने सरदार पटेल की तसवीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस मौके पर राजभवन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे अौर सबों ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी.
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कर्मियों ने ली शपथ : सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राम लखन प्रसाद गुप्ता ने गुरुवार को सूचना भवन में सरदार पटेल के जन्मदिवस पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया. इसके बाद विभाग के सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ ली.
डीजीपी ने दिलायी शपथ : पुलिस मुख्यालय में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. डीजीपी केएन चौबे ने पुलिस मुख्यालय के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों, सहकर्मी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को शपथ दिलायी.
रेलवे ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया :
रांची रेल मंडल की अोर से कई कार्यक्रम आयोजित किये गये. डीआरएम नीरज अंबष्ठ ने परेड का निरीक्षण किया एवं सलामी ली. इसके बाद रेल सुरक्षा बल के जवानों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी गयी. हटिया स्थित हॉकी स्टेडियम में एकता दौड़ का आयोजन किया गया. इसमें अधिकारी, कर्मचारी व मंडल के खिलाड़ियों ने भाग लिया. इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अजीत सिंह यादव, एमएम पंडित, बी के सेठी, अमित कंचन, सुमित कुमार सिन्हा, नीरज कुमार आदि मौजूद थे.
एचइसी में राष्ट्रीय एकता दिवस : एचइसी मुख्यालय स्थित उद्यान परिसर में गुरुवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया. इस अवसर पर लौहपुरुष की प्रतिमा पर अरुंधती पंडा, एमके सक्सेना एवं राणा एस चक्रवर्ती ने माल्यार्पण किया. माैके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली गयी.
शपथ दिलायी : कृषि निदेशक छवि रंजन ने निदेशालय के कर्मियों को एकता की शपथ दिलायी. राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के लिए खुद को समर्पित करने की शपथ ली.
मेकन में एकता दौड़ : मेकन की अोर से गुरुवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन जेवीएम स्कूल से ई ब्लॉक पार्क तक किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी अतुल भट्ट ने किया. कार्यक्रम में अफसरों के अलावा जेवीएम श्यामली के प्रधानाचार्य समरजीत जना व विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
राष्ट्रीय एकता के प्रणेता थे पटेल : भाजपा कार्यालय में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि देश सरदार पटेल की महत्वपूर्ण सेवा और उनके योगदान को कभी नहीं भुला सकता है. पटेल राष्ट्रीय एकता के प्रणेता थे. वल्लभ भाई पटेल के कठिन परिश्रम और प्रयासों के फलस्वरूप सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त कई छोटे और विवादित रियासतों का एकीकरण हुआ़
आजसू पार्टी ने सरदार पटेल की जयंती मनायी : आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि सरदार वल्लभ भाई पटेल भारतीय राजनीति और इतिहास के वह पुरोधा हैं, जिन्हें युगो-युगाें तक याद किया जाता रहेगा. श्री महतो गुरुवार को पटेल की जयंती पर झारखंड विधानसभा के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे थे.
एकता के प्रतीक हैं पटेल : पटेल सेवा संघ की ओर से गुरुवार को हरमू स्थित पटेल भवन में पटेल की जयंती मनायी गयी. पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने कहा कि पटेल एकता के प्रतीक हैं. उन्होंने अपनी सूझ-बूझ से पूरे भारत को एक सूत्र में बांधने का काम किया था.
पटेल व इंदिरा ने देश को नयी राह दिखायी : सिंह
रांची : प्रदेश कांग्रेस की ओर से गुरुवार को कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी का शहादत दिवस और सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मनायी गयी. इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, सांसद धीरज प्रसाद साहू, सांसद गीता कोड़ा ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया.
प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा कि देश की एकता व अखंडता को लेकर इनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है. डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि इन दोनों जैसे शख्सियत बिरले पैदा होते हैं. मौके पर आलमगीर आलम, केशव महतो कमलेश, राजेश ठाकुर, मानस सिन्हा, आलोक कुमार दुबे, शमशेर आलम, लाल किशोर नाथ शाहदेव, रमा खलखो, रवींद्र सिंह, डॉ एम तौसिफ, आभा सिन्हा, डॉ विनोद सिंह आिद मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




