रांची : विधायकों की खरीद-फरोख्त की सीबीआइ जांच को लेकर लाया कार्यस्थगन प्रस्ताव
Updated at : 21 Jul 2018 6:40 AM (IST)
विज्ञापन

स्पीकर ने किया अमान्य, कहा : न्यायाधिकरण में चल रहा मामला रांची : माॅनसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को भी भूमि अधिग्रहण बिल को वापस लेने को लेकर हंगामा हुआ. इस दौरान झाविमो विधायक प्रदीप यादव की ओर से छह विधायकों की खरीद-फरोख्त की सीबीआइ जांच कराने को लेकर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया. इसे स्पीकर […]
विज्ञापन
स्पीकर ने किया अमान्य, कहा : न्यायाधिकरण में चल रहा मामला
रांची : माॅनसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को भी भूमि अधिग्रहण बिल को वापस लेने को लेकर हंगामा हुआ. इस दौरान झाविमो विधायक प्रदीप यादव की ओर से छह विधायकों की खरीद-फरोख्त की सीबीआइ जांच कराने को लेकर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया. इसे स्पीकर दिनेश उरांव ने अमान्य करार देते हुए कहा कि यह मामला न्यायाधिकरण के समझ विचाराधीन है.
इसे सदन में उठाने की कोई जरूरत नहीं है. इस पर श्री यादव ने कहा कि यह मामला विधानसभा में 10वीं अनुसूची के तहत चल रहे मामले से अलग है. यह विधायकों की खरीद-फरोख्त व भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला है. इसकी सीबीआइ जांच करा कर दोषी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधित एक पत्र राज्यपाल को सौंप कर इस मामले की सीबीआइ जांच कराने का आग्रह किया है. इस पत्र की जानकारी निर्वाचन आयोग व विधानसभा सचिवालय के पास है. इसके बाद भी इस मामले में सीबीआइ जांच नहीं होती है, तो साबित होता है कि दाल में कुछ काला है. वहीं नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि न्यायाधिकरण में चल रहे मामले में तारीख पर तारीख मिल रही है.
होटवार जेल जायेंगे बाबूलाल मरांडी : सीपी
नगर विकास मंत्री ने कहा कि मैं बाबूलाल मरांडी की ओर से लगाये गये आरोप को चुनौती देता हूं, कि वे इसे साबित करें. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ विशेषाधिकार का मामला चलना चाहिए. रवींद्र राय ने बाबूलाल मरांडी को नोटिस भेजा है. बाबूलाल होटवार जेल जायेंगे? भाजपा विधायक विरंची नारायण ने कहा कि बाबूलाल साबित करें कि कब एक करोड़ रुपया दिया गया.
नोंकझोंक के बीच चली 24 मिनट कार्यवाही
पक्ष-विपक्ष की नोक-झोंक के बीच पहली पाली में मात्र 24 मिनट ही कार्यवाही चली. पहली पाली में दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई. पिछले पांच दिनों में सदस्यों के एक सवाल पर भी चर्चा नहीं हो पायी है. हालांकि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सदन के पटल पर सीएजी के वित्तीय वर्ष 2016-17 का वित्त लेखा एवं विनियोग लेखा का प्रतिवेदन रखा.
विधायक को मिल रही धमकी
विधायक अनंत ओझा को लगातार मिल रही धमकी पर सत्ता पक्ष की ओर से सवाल उठाया गया. भाजपा विधायक राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि अनंत ओझा को लगातार मोबाइल पर धमकी मिल रही है. अनंत ओझा ने बताया कि 11 जुलाई को उन्हें धमकी मिली थी. कहा गया था कि बांग्लादेशियों के मामले को मत उठाओ. नहीं तो पूरे परिवार को मार दिया जायेगा.
नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा के पंचायत अध्यक्ष तक को सुरक्षा मिली हुई है. इसके बाद विधायक अपने को असुरक्षित महसूस करे, यह सरकार के लिए शर्म करने की बात है. भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो रही है. आखिर सरकार क्या कर रही है?
कुणाल व इरफान का भी प्रस्ताव अमान्य
झामुमो विधायक कुणाल षाड़ंगी व कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी की ओर से लाये गये कार्यस्थगन प्रस्ताव को भी स्पीकर दिनेश उरांव ने अमान्य करार दिया. श्री षाड़ंगी ने गैर मजरूआ जमीन की रसीद काटने को लेकर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाया था. वहीं अंसारी ने श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान करने की बात कही थी.
एक दूसरे पर खूब कसे जा रहे हैं तंज
हेमंत ने सीपी सिंह को बुजुर्ग बोला, सीपी बोले गाली मत दीजिए
विधानसभा में भले ही मुद्दों पर चर्चा ना हो, लेकिन एक दूसरे पर तंज खूब कसे जा रहे है़ं शुक्रवार को सदन में हेमंत सोरेन ने कहा कि मंत्री सीपी सिंह मुझे, प्रदीप यादव सहित पूरे विपक्ष को देशद्रोही कहा है़ प्रदीप यादव ने कहा कि जनप्रतिनिधि को देशद्रोही कहना असंसदीय है़ इसके बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि ये सामंती सोच के नेता है़ं काबिल मंत्री हैं, बुजुर्ग है़ं इस पर सीपी सिंह ने तपाक से कहा कि मुझे बुजुर्ग कह कर गाली मत दीजिए़ हुजूर, मैं अभी जवान हू़ं
रणधीर सिंह ने इरफान को झोलाछाप डॉक्टर कहा
हो-हंगामा के बीच मंत्री रणधीर सिंह ने कांग्रेस विधायक डॉ इरफान अंसारी को झोलाछाप डॉक्टर कहा़ यह सुनते ही इरफान वेल के अंदर आ गये़ उन्होंने मंत्री पर भी आरोप लगाया कि ये झोलाछाप मंत्री है़ं
दोनों तरफ से प्रदर्शन
रांची : विस की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष व विपक्ष ने प्रदर्शन किया. सत्ता पक्ष के विधायकों ने धर्मांतरित आदिवासियों को आरक्षण का लाभ नहीं देने की मांग की. वहीं, विपक्षी विधायकों ने भूमि बिल को वापस लेने, अग्निवेश की पिटाई करने वालों को गिरफ्तार करने, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की मांग की गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




