छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
सड़क जाम करते भाजपा कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
पतरातू-रांची मुख्य मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई.
पतरातू. रांची में बीते दिन छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पतरातू में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पतरातू-रांची मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित लेक रिसॉर्ट के समीप सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम किए जाने से मुख्य मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया और रांची आने-जाने वाले राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
मंगलवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता लेक रिसॉर्ट के समीप मुख्य सड़क पर पहुंचे और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने तथा छात्रों के साथ न्याय करने की मांग की. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सड़क जाम के कारण पतरातू-रांची मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई.
जाम की स्थिति को देखते वापस लौटे यात्री
रांची की ओर जाने वाले कई वाहन जाम में फंस गए, जबकि कई लोगों को परेशानी से बचने के लिए अपना रास्ता बदलना पड़ा. जाम की स्थिति को देखते हुए कई लोग पिठोरिया से ही वापस लौट गए. इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.
आंदोलनरत छात्रों पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए. लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग करने के बजाय उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान किया जाना चाहिए.
जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं एवं अन्य लोगों से बातचीत कर उन्हें समझा-बुझाकर सड़क से हटाया. पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हुआ. पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया. सड़क जाम एवं विरोध प्रदर्शन में रिद्धि राज, रंजन कुमार भगत, अनिल राय, राजाराम प्रजापति, महेंद्र महतो, वारिस खान, पंकज सिंह, राहुल कुमार, ऋषि राज भंडारी, सुखदेव महतो, रितेश ठाकुर, संजय रजक, विजय सिंह, बम-बम रजक समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










