पलामू पुलिस का 'सुपर सैटरडे': हत्या, लूट और फायरिंग के 4 बड़े मामलों का खुलासा, 6 अपराधी गिरफ्तार

प्रेस वार्ता करते पलामू एसपी कपिल चौधरी
Palamu Crime News: पलामू एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार को जिले के चार प्रमुख अपराधों का खुलासा किया. पुलिस ने लातेहार के जवान को गोली मारने, राजमनी पाठक की हत्या, लेस्लीगंज में महिला से लूट और चैनपुर में 20 रुपये के विवाद में फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से हत्या और लूट में प्रयुक्त हथियार, बाइक और गहने बरामद किए गए हैं.
Palamu Crime News, मेदिनीनगर (चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट): पलामू जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में जिला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. शनिवार को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस ने पिछले कुछ दिनों में हुई हत्या, लूट और गोलीबारी की चार प्रमुख घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है. पुलिस ने इन मामलों में शामिल कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जवान को गोली मारने वाले के घर से पिस्टल बरामद
लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाई है. आरोपी ऋषभ सिंह को रिमांड पर लेकर जब पूछताछ की गई, तो उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की. इसके साथ ही चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट बाइक भी जब्त कर ली गई है.
Also Read: खूंटपानी में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, पांच छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत
कुल्हाड़ी से की थी राजमनी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
पिपराटांड थाना क्षेत्र के करमा गांव में बीते 29 अप्रैल को हुई राजमनी पाठक की नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस मामले में पुलिस ने बिरेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डु सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की कुल्हाड़ी और एक पीला थैला बरामद किया है.
लेस्लीगंज लूटकांड: महिला से गहने छीनने वाले तीन दबोचे
लेस्लीगंज के बोहिता गांव में सात मई की रात एक महिला के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन अपराधियों- असतफाक आलम, मो. इरफान उर्फ सोनू और नाजिल आलम को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूटा गया मंगलसूत्र का लॉकेट, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद हुई है. गिरफ्तार मो. इरफान का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है.
20 रुपये के विवाद में फायरिंग करने वाला सैफ खलीफा गिरफ्तार
चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में शुक्रवार को महज 20 रुपये के मामूली विवाद में एक दुकानदार पर गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी सैफ खलीफा को पुलिस ने दबोच लिया है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, खोखा और पिलेट बरामद किया है. एसपी ने बताया कि छोटी सी बात पर हथियार का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है.
Also Read: बोकारो में बवाल: एयरपोर्ट से सटी अवैध बस्ती हटाने गई BSL टीम पर भारी पथराव, 2 होमगार्ड जवान घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










