पलामू : लेवी के लिए हाइवा फूंकने वाला शातिर गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Palamu News
Palamu News : छतरपुर थाना पुलिस ने लेवी वसूली के लिए दो हाइवा को आग लगाने वाले एक शातिर अपराधी कपिलदेव सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी लंबे समय से फरार था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
छतरपुर से निखिल सिन्हा की रिपोर्ट
Palamu News : झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना पुलिस ने चराई क्षेत्र में लेवी (रंगदारी) वसूलने के उद्देश्य से दो हाइवा को आग के हवाले करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिलदेव सिंह उर्फ कपिल सिंह उर्फ विशाल कुमार (25 वर्ष), निवासी बरडीहा के रूप में हुई है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर उसके गांव से ही दबोच लिया. इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज दिया गया है.
10 अज्ञात अपराधियों ने जबरन रोक लिया था हाइवा
छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया.उन्होंने बताया कि यह घटना 27 मई 2025 की रात की है. चराई क्षेत्र में माइनिंग (खनन) के काम में लगे दो हाइवा को करीब 10 अज्ञात अपराधियों ने जबरन रोक लिया था. अपराधियों ने चालकों को हथियार का भय दिखाकर उनके साथ जमकर मारपीट की. इसके बाद दहशत फैलाने और लेवी वसूलने की नीयत से दोनों हाइवा में आग लगा दी. आग इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां मौके पर ही जलकर पूरी तरह खाक हो गई थी.
भुक्तभोगी ने दर्ज कराया था मामला
घटना के बाद पीड़ित रामू कुमार गुप्ता के बयान पर छतरपुर थाने में करीब 10 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर अनुसंधान शुरू किया. जांच के दौरान कपिलदेव सिंह की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कपिलदेव सिंह का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. वह विश्रामपुर और छतरपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कई अन्य आपराधिक मामलों में भी नामजद है और काफी दिनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अपराधी गुटों को बड़ा झटका लगा है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था.इस सफल छापेमारी अभियान में छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, अनिल कुमार रजक, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार, मिथिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के कई जवान मुख्य रूप से शामिल थे.
यह भी पढ़ें: झारखंड सरकार को हाईकोर्ट का झटका, सचिवालय सहायकों की तर्ज पर शिक्षकों के भी सुधरेंगे वेतन
यह भी पढ़ें: आयकर विभाग बड़ा में फेरबदल: रांची, धनबाद और हजारीबाग में बदले कमिश्नर, निशा उरांव को रायपुर की कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










