पलामू के मेदिनीनगर में निकली रथयात्रा, उमड़ा भक्तों का सैलाब

भगवान की आरती उतारते अतिथि और रथ खिंचते श्रद्धालु व भक्तजन | Prabhat Khabar Network
पलामू के मेदिनीनगर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई. इस्कॉन द्वारा आयोजित इस रथयात्रा में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी और शहर भक्तिमय हो गया.
प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में रथयात्रा महोत्सव आस्था, श्रद्धा व भक्ति के बीच हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया. इस अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में चार जगहों पर महोत्सव का आयोजन हुआ. इस दौरान सुसज्जित रथ पर भगवान जगन्नाथ स्वामी को विराजमान कर श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की गयी. रथयात्रा के क्रम में श्रद्धालुओं व भक्तजनों ने भगवान का दर्शन लाभ प्राप्त कर निहाल हो गये. रथयात्रा में भक्तजनों व श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा. भक्तों की भीड़ से सड़कें जाम रही.
मान्यता है कि भगवान जगन्नाथ स्वामी अपने भक्तों के कल्याण के लिए वर्ष में एक दिन मंदिर से बाहर निकल कर दर्शन देते हैं.महोत्सव के दौरान भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं के बीच होड़ रही.भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. रथयात्रा के दौरान शांति व सुरक्षा को लेकर पुलिस के जवान तैनात थे.
इस्कॉन ने भगवान को शहर में 11 किलोमीटर कराया भ्रमण
इस्कॉन संस्था ने शहर के पुलिस लाइन रोड स्थित हरे कृष्ण निवास में जगन्नाथपुरी के तर्ज पर रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया. सुबह में भगवान जगन्नाथ स्वामी की पूजा-अर्चना की गयी. दोपहर करीब तीन बजे रथयात्रा निकाली गयी. इस्कॉन के मायापुर आश्रम से आये प्रचारक गौरधाम दास के नेतृत्व में भक्तों ने विधि विधान से भगवान जगन्नाथ स्वामी, भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा के विग्रह को 32 फीट ऊंची सुसज्जित रथ पर विराजमान किया. इसके बाद अतिथियों व भक्तजनों ने श्रद्धा और भक्ति भाव से भगवान पूजा-अर्चना के बाद आरती उतारी.
मुख्य अतिथि पलामू प्रक्षेत्र के डीआईजी किशोर कौशल,एसडीपीओ राजेश यादव, नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, पूर्व डिप्टी मेयर राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह,भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, लवली गुप्ता, युगल किशोर,संजय पांडेय सहित अन्य श्रद्धालुओं भगवान जगन्नाथ स्वामी की आरती उतारी. अतिथियों व भक्तों ने भगवान के रथ को खींच कर आगे बढ़ाया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने रथ को खींचकर शहर में करीब 11 किलोमीटर से अधिक दूरी का भ्रमण कराया. इस दौरान विभिन्न संगठनों के द्वारा भक्तजनों व श्रद्धालुओं की सेवा में प्रसाद वितरण किया गया.
रथयात्रा पुलिस लाइन रोड से निकलकर भारत माता चौक, शहीद भगत सिंह चौक, छहमुहान, सुभाष चौक, बेलवाटिका चौक, स्टेशन रोड, शहीद चौक से ओवर ब्रिज होते हुए चंद्रशेखर आजाद चौक रेड़मा, बाइपास रोड, बैरिया, चौक, सुदना गायत्री मंदिर रोड, जेलहाता, साहित्य समाज चौक होते हुए वापस हुई. इसके बाद भगवान की पूजा व आरती की गयी. श्रद्धालुओं व भक्तजनों के बीच महाप्रसाद वितरण किया गया. रथयात्रा में काफी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. रथयात्रा के दौरान भक्तों की मंडली स्वामी जगन्नाथ का जयघोष कर रही थी. बाजे बज रहे थे. इस्कॉन के भक्तों की टोली हरिनाम संकीर्तन कर रही थी. आयोजन को लेकर मायापुर आश्रम से पधारे चरणधारी दास, बहुरूप जगन्नाथ दास, अमिय विलास, नंद गुलाल, जगत पाल दास, कृष्णा गोविंद, महाप्रभु चरण दास, अभिराम दास, सुधा सिंधु, प्रीतम, संजय पांडेय, अरविंद सिंह, विकास सिंह, सौरभ, अमृत केली, कालिंद्र सिंह, दीप्ति, प्रीति,प्रियंका, सुन्दरी, संध्या सहित कई लोग सक्रिय थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










