पेट्रोल पंप का शैक्षणिक भ्रमण कर छात्राओं ने जानी सुरक्षा की बारीकियां
पेट्रोल पंप के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जानकारी लेती छात्राएं. | Prabhat Khabar Network
पाकुड़िया के कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने पेट्रोल पंप का शैक्षणिक भ्रमण कर सुरक्षा नियमों और ईंधन प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
प्रतिनिधि, पाकुड़िया: लोकल एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं को पेट्रोल पंप का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पेट्रोलियम उत्पादों के सुरक्षित उपयोग, पेट्रोल पंप के संचालन और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी देना था. भ्रमण के दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने छात्राओं को पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री और भंडारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. इसके अलावा अग्नि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया. छात्राओं को पेट्रोल पंप परिसर में मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, धूम्रपान से बचने और आग से संबंधित सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया. छात्राओं ने पेट्रोल पंप पर होने वाली विभिन्न गतिविधियों को रुचिपूर्वक देखा और कर्मचारियों से अपनी जिज्ञासाओं से संबंधित सवाल पूछे. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुजुला मुर्मू ने कहा कि छात्राओं को एक्सपोजर विजिट कराने का उद्देश्य उनका मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें नई और उपयोगी जानकारियों से अवगत कराना है. इस तरह के व्यावहारिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यस्थल की जानकारी भी मिलती है. कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सड़क सुरक्षा, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया. लोकल एक्सपोजर विजिट छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी अनुभव रहा. मौके पर प्रोग्राम हेड शिक्षक मोहम्मद शाहिद, शिक्षिका सतरूपा मुखर्जी सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रमेश भगत
रमेश भगत प्रभात खबर, पाकुड़ में ब्यूरो चीफ हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 15 वर्षों के पत्रकारिता करियर की शुरुआत दिल्ली में CNEB News Channel से की. इसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के ईएमएमसी (EMMC) और डीडी न्यूज में कार्य किया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में उन्हें व्यापक अनुभव है. राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसरोकार सहित हर विधा की खबरों की रिपोर्टिंग और विश्लेषण में उनकी विशेष रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










