अज्ञात वाहन के धक्के से बाइकसवार युवक की मौत, आक्रोश में सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

शव को परिजनों ने हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य सड़क पर रखकर सड़क जाम करते. | Prabhat Khabar Network

पाकुड़ के हिरणपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 21 वर्षीय युवक की मौत। आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, मुआवजे की मांग। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

प्रतिनिधि, हिरणपुर: हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई में शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. भाजपा कार्यालय के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल अनूप कुमार मंडल को पहले सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर जंगीपुर के बासुमति अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 12 बजे सड़क जाम कर दिया.

पाकुड़ से घर लौटते समय हुआ हादसा मृतक की पहचान तोड़ाई निवासी अनूप कुमार मंडल, पिता मिलन मंडल के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार अनूप कुमार मंडल बाइक से पाकुड़ से अपने घर तोड़ाई लौट रहा था. इसी दौरान भाजपा कार्यालय के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.

इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अनूप को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जंगीपुर स्थित बासुमति अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. रात करीब 12 बजे से सड़क जाम कर अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई. सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा.

पेट्रोल पंप पर करता था काम स्थानीय लोगों के अनुसार अनूप कुमार मंडल एक पेट्रोल पंप में कार्यरत था. वह निजी काम से पाकुड़ गया था और काम पूरा करने के बाद बाइक से तोड़ाई लौट रहा था. इसी दौरान हादसा हो गया. बताया जाता है कि तोड़ाई में वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री रात करीब आठ बजे खोल दी गई थी. इसके बाद यह दुर्घटना हुई.

दो लाख रुपये मुआवजा देने की बात शनिवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एंबुलेंस से सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा. वहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस ने अज्ञात वाहन की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. सीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटना अनुदान अनुग्रह राशि के तहत अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाण पत्र मिलने के बाद मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी.

परिवार में पसरा मातम घटना के बाद अनूप के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की जल्द पहचान कर चालक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है.


विज्ञापन
सुनील चंद्र दे

लेखक के बारे में

By सुनील चंद्र दे

सुनील चंद्र दे प्रभात खबर में हिरणपुर के प्रतिनिधि हैं. उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और 2013 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, सामाजिक सरोकार, अपराध और स्थानीय मुद्दों की रिपोर्टिंग में उन्हें व्यापक अनुभव है. जमीनी और तथ्यपरक रिपोर्टिंग उनकी पहचान है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola