स्वस्थ और तंदरुस्त रहना है, तो स्वच्छ रहना सीखें: सीएस

स्वस्थ और तंदरुस्त रहना है, तो स्वच्छ रहना सीखें: सीएस
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सदर अस्पताल में कार्यक्रम का आयोजन संवाददाता, पाकुड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) की ओर से सोमवार को सदर अस्पताल सोनाजोड़ी में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में डीएलएसए सचिव अजय कुमार गुड़िया, सिविल सर्जन डॉ. मंटु कुमार टेकरीवाल और डॉ. मनीष कुमार उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मंटु कुमार टेकरीवाल ने बताया कि सभी बीमारियों की जड़ गंदगी है. नालों और गंदे पानी वाली जगहों पर मच्छर पनपते हैं, जिससे कई प्रकार की बीमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले लेती हैं. इसलिए आस-पास की साफ-सफाई बनाए रखें और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें. ताजा भोजन का सेवन करें, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं, ठेले का खाना खाने से बचें और नियमित रूप से व्यायाम करें. डीएलएसए सचिव अजय कुमार गुड़िया ने कहा कि जब हम खुद को स्वस्थ रखते हैं, तभी एक स्वस्थ समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव है. बीमार होने पर तुरंत योग्य चिकित्सक से परामर्श लें, न कि झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लें. डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम “स्वस्थ शुरुआत, आशाजनक भविष्य ” रखी गयी है. यह थीम मुख्य रूप से माताओं और नवजात बच्चों की सेहत और सुरक्षा पर केंद्रित है. उन्होंने कहा कि किसी भी बीमारी का यदि समय रहते इलाज करा लिया जाए तो आगे चलकर उससे बचा जा सकता है. आज जागरूकता और नियमित टीकाकरण की वजह से कई बीमारियां समाप्त हो चुकी हैं, जिनमें पल्स पोलियो एक उदाहरण है. इसलिए बच्चों का नियमित टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक है. मौके पर पीएलवी कमला राय गांगुली, उत्पल मंडल, नीरज कुमार राउत समेत अस्पताल कर्मी और दूर-दराज से आए लोग उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




