5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची, DC ने की 29 जुलाई तक प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील

उपायुक्त मेघा भारद्वाज | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की है. 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
पाकुड़: नगर प्रतिनिधि, पाकुड़ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र भरकर जमा करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि में अब केवल पांच दिन शेष हैं.
ऐसे में सभी मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समय पर प्रपत्र भरकर जमा करें. उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी मतदाता को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, तो वह शीघ्र बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त करें, उसे सही ढंग से भरकर हस्ताक्षर सहित निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करें.
उन्होंने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, ताकि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके. उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसलिए सभी पात्र मतदाता अंतिम समय की प्रतीक्षा किए बिना अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें, जिससे अनावश्यक भीड़ और असुविधा से बचा जा सके.
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो तो वह संबंधित बीएलओ, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) कार्यालय से संपर्क कर सकता है.
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जागरूक नागरिकों से भी अधिक से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सानू दत्ता
सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










