जंगल गये वृद्ध की हाथियों ने ली जान, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश

प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है.
फोटो : 5 चांद 1 : मृतक. 5 चांद 3 : घर पर पहुंचे मुखिया व गांववाले. प्रतिनिधि चंदवा. प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. आये दिन किसी ना किसी गांव में हाथी खेती नष्ट कर रहे है या घर को क्षतिग्रस्त कर रहे है. ग्रामीण भय के साये में जी रहे हैं. आखिरकार हाथियों द्वारा जान लेने की शुरुआत इस वर्ष भी हो ही गयी. थाना क्षेत्र अंतर्गत माल्हन पंचायत के सुदूरवर्ती मरमर गांव में दो जंगली हाथी ने एक वृद्ध टकलू गंझू (76 वर्ष) को कुचलकर मार डाला. जानकारी के अनुसार टकलू गंझू सोमवार को जंगल की ओर गया था. इसके बाद से वह घर नहीं लौटा था. इसके बाद परिजन व ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुटे थे. मंगलवार की दोपहर बाद ग्रामीणों ने मरमर गांव से दूर जंगल में बुरी तरह से कुचला हुआ एक शव देखा. इसकी पहचान टकलू गंझू के रूप में की गयी. शव मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग व चंदवा थाना को दी. मंगलवार की देर शाम वन विभाग व पुलिस की टीम गांव पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया. वन विभाग की टीम ने मृतक के आश्रितों को तत्काल 40 हजार रुपये मुआवजा राशि उपलब्ध कराया. बुधवार की दोपहर बाद अंत्यपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शव पहुंचने के बाद मुखिया जतरू मुंडा समेत अन्य लोग मृतक के घर पहुंचे. परिजनों को ढांढस बंधाया. अंतिम संस्कार में भी लोग शामिल हुए. इस दौरान वन विभाग के रवैये से ग्रामीण नाखुश नजर आये. उनमें आक्रोश दिखा. क्या कहते है रेंजर प्रभारी वन क्षेत्र पदाधिकारी नंद कुमार मेहता ने बताया कि सोमवार की देर शाम जंगली हाथियों के हेरहंज में होने की जानकारी मिली थी. संभवतः यहीं हाथी रात में ही मरमर गांव पहुंच गये थे. मृतक के परिजनों को तत्काल 40 हजार रुपये मुआवजा दिया गया है. कागजी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शेष तीन लाख 60 हजार रुपये मुआवजा राशि दी जायेगी. उन्होंने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने से परहेज करने की अपील की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




