शौचालय में रहने को मजबूर बुजुर्ग को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 08 Jun 2026 9:35 PM
शौचालय में रहने को मजबूर बुजुर्ग को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
लातेहार. उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इचाक पंचायत के लबरपुर गांव निवासी बुजुर्ग सोमर भुइयां को सरकारी योजनाओं से जोड़ने को लेकर त्वरित कार्रवाई की है. वर्षों से उपेक्षा और अभाव का जीवन बिता रहे सोमर भुइयां की स्थिति संज्ञान में आते ही उपायुक्त ने बीडीओ मनोज तिवारी को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. विगत वर्ष बारिश में कच्चा घर ध्वस्त होने के बाद सोमर भुइयां गांव के एक अनुपयोगी शौचालय में रहने को मजबूर थे. बीमारी के कारण उनके हाथ-उंगलियां प्रभावित होने से आजीविका का संकट था. उन्हें राशन, पेंशन और आवास जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही थीं. बीडीओ ने संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर सोमर भुइयां का पहचान पत्र बनवाने, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने और अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास देने की प्रक्रिया शुरू करायी है. स्वास्थ्य विभाग ने जांच कर स्वच्छता किट दी, जबकि आपूर्ति विभाग ने राशन व वस्त्र उपलब्ध कराये. फिलहाल उन्हें पड़ोसी महरान भुइयां के घर स्थानांतरित कर आर्थिक सहायता दी गयी है. छिपादोहर में अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग परेशान
बरवाडीह. प्रखंड के छिपादोहर क्षेत्र में अनियमित बिजली व्यवस्था एक बार फिर लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गयी है. रविवार आधी रात से बाधित हुई बिजली आपूर्ति सोमवार को भी सामान्य नहीं हो सकी. सुबह कुछ देर के लिए बिजली आयी, लेकिन थोड़ी ही देर बाद फिर गुल हो गयी. इस लगातार कटौती से स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति भारी नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग बिल वसूलने में जितनी सक्रियता दिखाता है, उतनी गंभीरता आपूर्ति सुधारने में नहीं दिखती. अनियमित आपूर्ति से घरेलू कार्यों के अलावा छोटे व्यवसाय, दुकानदार और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. लगातार बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति और मोबाइल चार्जिंग जैसी दैनिक जरूरतें ठप हैं. भीषण गर्मी के बीच गहराये इस संकट से आजिज आकर क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से आपूर्ति अविलंब नियमित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










