महुआडांड़ में नववर्ष पर लोध फॉल और नेतरहाट में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 01 Jan 2026 8:58 PM
महुआडांड़ में नववर्ष पर लोध फॉल और नेतरहाट में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब
महुआडांड़़ नये जोश, ऊर्जा और संकल्प के साथ महुआडांड़ प्रखंड वासियों ने वर्ष 2026 का स्वागत किया. नववर्ष की पूर्व संध्या से ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर बधाई संदेशों का दौर शुरू हो गया था. गुरुवार को लोगों ने मंदिर, मस्जिद और चर्च में प्रार्थना कर साल की शुरुआत की. इस मौके पर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोध फॉल और नेतरहाट में पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ देखी गयी, इनमें पश्चिम बंगाल से आये सैलानियों की संख्या सर्वाधिक थी. आध्यात्मिक अनुष्ठान और दुआओं का दौर : धार्मिक स्थलों पर भी भारी चहल-पहल रही. मां नगर भगवती संघ द्वारा देवी मंडप मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन और रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया. वहीं, नगर प्रतापपुर स्थित अंजान शाह दाता के मजार पर फातिहाख्वानी और लंगर का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने बेहतर भविष्य की दुआ मांगी. पिकनिक के उत्साह के बीच बाजारों में मटन, मछली और मुर्गे की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ जुटी रही. सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा प्रशासन : सैलानियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एसडीओ बिपिन कुमार दुबे ने लोध फॉल का दौरा किया. उन्होंने पर्यटक मित्रों को रेड जोन में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिये और वाहन जांच अभियान का जायजा लिया. एसडीओ ने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की. थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल सुरकई फॉल, अपर घघरी और लोअर घघरी जैसे स्थलों पर मुस्तैद रहा, जिससे पूरा उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










