उदयीमान सूर्य को अर्घ देने के साथ छठ महापर्व का समापन

उदयीमान सूर्य को अर्घ देने के साथ छठ महापर्व का समापन
लातेहार ़ जिला मुख्यालय समेत आसपास के क्षेत्रों में उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ देने के साथ लोक आस्था का महान पर्व छठ मंगलवार को धूमधाम से संपन्न हो गया. शहर के मुख्य घाट चाणक्यनगरी स्थित औरंगा नदी समेत पंपू कल, बिशुनपुर, कीनामाड़, बाबानगरी, रेलवे स्टेशन, बानपुर व करकट आदि छठ घाटों में सोमवार को अस्ताचलगामी एवं मंगलवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ अर्पित किया गया. इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ अर्पित कर सुख-शांति की कामना की. औरंगा नदी छठ घाट में पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव व उनके परिजनों ने छठ पूजा कर भगवान भास्कर को अर्घ दिया. स्थानीय विधायक प्रकाश राम भी छठ घाट पहुंचे और उन्होंने श्री सूर्यनारायण पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की. उन्होंने निर्माणाधीन सूर्य नारायण मंदिर में आर्थिक सहयोग करने की बात कही. पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम भी औरंगा नदी छठ घाट पहुंचे और अर्घ दिया और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गयी : चाणक्यनगरी स्थित औरंगा नदी स्थित छठ घाट में भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर पूजा -अर्चना की गयी. मौके पर मुख्य यजमान के रुप में महेंद्र प्रसाद सिंह एवं उनकी पत्नी पूनम सिंह एवं विपिन ठाकुर सप्त्नीक उपस्थित थे. वैदिक मंत्रोच्चारण पुजारी त्रिभुवन पांडेय ने किया. औरंगा नदी तट पर वाराणसी से आये पुरोहित जय प्रकाश पांडेय एवं उनकी मंडली के द्वारा छठ-गंगा आरती की गयी. इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा आरती का लाभ और सुखमय जीवन की कामना की. गंगा आरती की प्रशंसा हर किसी ने की. आकर्षक सजावट की गयी : सूर्यनारायण पूजा समिति, चाणक्यनगरी के द्वारा इस बार भी औरंगा नदी स्थित छठ घाट में व्रतियों की सुविधा के लिए प्रकाश की व्यवस्था की गयी थी. शहर के बाइपास चौक से छठ घाट तक आकर्षक विद्युत सज्जा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र से छठी मईया के गीत बजने से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा. औरंगा नदी छठ घाट में भी आकर्षक लाइटनिंग की गयी थी. किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही थी. समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने तन-मन व धन से सहयोग करने के लिए नगर वासियों को धन्यवाद दिया. आलोक मोहन सेवा स्मृति आश्रम ने चाय की व्यवस्था की : औरंगा नदी स्थित छठ घाट में आलोक मोहन सेवा स्मृति आश्रम तथा श्रीराम टेंट हाउस के द्वारा आम लोगों के लिए अस्ताचलगामी अर्घ के दौरान चाय और लस्सी की व्यवस्था की गयी थी. जबकि उदयीमान सूर्य को अर्घ देन के दौरान चाय और छठ व्रतियों के लिए चना की व्यवस्था की गयी थी. लोगों ने इस कार्य के लिए संस्थान की काफी प्रशंसा की. शहर के कीनामाड़ छठ घाट में सीआरपीएफ 11 बटालियन के द्वारा चाय की व्यवस्था की गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




