नगर पंचायत उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए बिछने लगी बिसात, 14 को होगा फैसला
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 01 Mar 2026 9:28 PM
नगर पंचायत उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए बिछने लगी बिसात, 14 को होगा फैसला
लातेहार ़ नगर पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद अब सबकी निगाहें उपाध्यक्ष की कुर्सी पर टिक गयीं हैं. लातेहार नगर पंचायत के 15 नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद आगामी 14 मार्च को अपने मताधिकार का प्रयोग कर नये उपाध्यक्ष का चयन करेंगे. चुनाव की तिथि घोषित होते ही शहर का राजनीतिक पारा चढ़ गया है और दावेदारों ने पार्षदों की किलेबंदी शुरू कर दी है. अनुभव और नये चेहरों के बीच मुकाबला : उपाध्यक्ष पद के लिए मुख्य रूप से पांच नाम चर्चा के केंद्र में हैं. इनमें संयुक्ता कुंअर, संतोष रंजन और गुड़िया सिन्हा जैसे कद्दावर नाम शामिल हैं, जो पूर्व में भी वार्डों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इन दिग्गजों का दावा है कि उनके लंबे अनुभव का लाभ नगर पंचायत के विकास को मिलेगा. दूसरी ओर, पहली बार चुनाव जीतकर आये जयराम कपूर और सुगंधी देवी भी इस रेस में मजबूती से डटे हैं. नये चेहरों का तर्क है कि वे नयी ऊर्जा और सोच के साथ शहर की समस्याओं का समाधान करेंगे. अंडरग्राउंड जोड़-तोड़ और संपर्क अभियान : उपाध्यक्ष बनने के लिए जादुई आंकड़ा जुटाने की कवायद तेज हो गयी है. दावेदार न केवल सीधे पार्षदों से मिल रहे हैं, बल्कि उनके करीबियों के जरिये भी दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. कोई अपनी ईमानदारी की दुहाई दे रहा है, तो कोई विकास की लंबी लकीर खींचने का वादा कर रहा है. चर्चा है कि इस चुनाव में धनबल का भी खेल परदे के पीछे से चल रहा है, लेकिन जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग की पैनी नजर के कारण सारा खेल अंडरग्राउंड ही सीमित है. शपथ ग्रहण की तैयारी तेज : राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, 14 मार्च को मतदान की प्रक्रिया संपन्न होगी. सबसे अधिक मत प्राप्त करने वाला प्रत्याशी नगर पंचायत का उपाध्यक्ष चुना जायेगा. चुनाव परिणाम के तत्काल बाद या आयोग द्वारा निर्धारित तिथि पर उपायुक्त द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी 15 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










