नकली घी बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
Updated at : 05 Nov 2016 5:47 AM (IST)
विज्ञापन

तिलैया के ताराटांड़ में संचालित हो रहा था काम, पुलिस ने देर रात एक बजे की छापामारी एसडीओ, एसडीपीओ भी पहुंचे, भारी मात्रा में नकली घी, रैपर व डिब्बा हुआ बरामद कोडरमा : तिलैया पुलिस ने गुरुवार की देर रात करीब एक बजे ताराटांड़ में छापामारी कर नकली घी बनाने की मिनी फैक्टरी का परदाफाश […]
विज्ञापन
तिलैया के ताराटांड़ में संचालित हो रहा था काम, पुलिस ने देर रात एक बजे की छापामारी
एसडीओ, एसडीपीओ भी पहुंचे, भारी मात्रा में नकली घी, रैपर व डिब्बा हुआ बरामद
कोडरमा : तिलैया पुलिस ने गुरुवार की देर रात करीब एक बजे ताराटांड़ में छापामारी कर नकली घी बनाने की मिनी फैक्टरी का परदाफाश किया. शहर के इस कॉलोनी के दो आवासीय घरों में नकली घी बनाने का धंधा चल रहा था.
छठ पर्व पर इस घी को बाजार में बेचे जाने की तैयारी थी, इससे पहले हुई छापामारी में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में ताराटांड़ निवासी पवन कुमार (पिता- रतन लाल) व रवि कुमार (पिता- चंद्रिका लाल) शामिल हैं. मौके पर से सैकड़ों किलो तैयार नकली घी, रिफाइन, डालडा, मशीन, मोटरसाइकिल व अन्य सामान बरामद किया गया. छापामारी के दौरान एक आरोपी के घर की छत पर से 34 किलो गांजा भी बरामद किया गया. पुलिस ने पूरे मामले को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है. एक नकली घी बनाने व दूसरा नशीले पदार्थ का व्यवसाय करने का.
जानकारी के अनुसार तिलैया थाना प्रभारी महेंद्र प्रसाद सिंह को गुप्त सूचना मिली की ताराटांड़ स्थित आवासीय मकान में नकली घी बनाने का काम हो रहा है. इसके बाद पुलिस बल व पैंथर जवानों के साथ उक्त घर को चारों तरफ से घेरा गया. बाद में सूचना पर पहुंचे एसडीओ प्रभात कुमार बरदियार, एसडीपीओ चंदेश्वर प्रसाद, बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद की मौजूदगी में जांच की गयी, तो यहां नकली घी बनाने का सामान बरामद किया गया.
पुलिस की कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली. एसडीपीओ चंदेश्वर प्रसाद ने शुक्रवार को तिलैया थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार पवन व रवि का घर ताराटांड़ में आमने-सामने स्थित है. दोनों के घर के अलग-अलग हिस्सों यहां तक की शौचालय, किचेन, बेडरूम में नकली घी व इसको बनाने का सामान स्टोर किया गया था.
नकली घी को छठ पर्व पर बाजार में बेचने की तैयारी थी. उन्होंने बताया कि घर से पवन कुमार की मोटरसाइकिल नंबर जेएच-12डी-1960 के अलावा एक इलेक्ट्रिक वेटिंग मशीन, एक हॉट एयर गन इलेक्ट्रिक मशीन (डिब्बा को पैक करने वाला) भी बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि मकान के अंदर से मां यशोदा घी, गोकुल ब्रांड का अलग-अलग डिब्बा में पैक 268 किलो नकली घी के साथ ही 10 केनेस्टर रिफाइन बेस्ट च्वाइस कुल 150 किलो, नव भोजन छाप डालडा आठ केनेस्टर कुल 120 किलो व रिफाइन व डालडा मिक्स किया हुआ करीब 15 किलोग्राम बरामद हुआ.
गया से खरीदा नकली रैपर व डिब्बा: एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने घी तैयार करने के लिए विभिन्न ब्रांड का रैपर व डिब्बा बिहार के गया जिला से खरीदा था. इसके बाद तिलैया में तैयार कर बाजार में 120 रुपये किलो इस घी को बेचने की योजना थी. उन्होंने बताया कि मौके पर से करीब दो हजार पीस खाली डिब्बा (यशोदा छाप, गोकुल छाप) बरामद हुआ. इसके अलावा रैपर भी बरामद किया गया है.
केमिकल मिला बनाते थे घी, सेहत के लिए नुकसानदेह: गिरफ्तार आरोपियों के अनुसार वे रिफाइन व डालडा में केमिकल(सेंट) डाल कर घी का रूप देते थे. इसके बाद डिब्बा में डाल कर रैपर लगा कर उसकी मशीन से पैकिंग की जाती थी. पिछले साल उन लोगों ने धनबाद से इस तरह का घी लाकर तिलैया के बाजार में बेचा था. वहीं पर घी बनाने की जानकारी ली और इस वर्ष यहीं तैयार करने लगे. एसडीपीओ ने बताया कि केमिकल सेंट मिलाकर तैयार होने वाला घी पूरी तरह सेहत के लिए नुकसानदेह है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




