भव्य आयोजन में आंधी-बारिश ने डाली खलल

Updated at : 28 Mar 2026 9:57 PM (IST)
विज्ञापन
भव्य आयोजन में आंधी-बारिश ने डाली खलल

भव्य आयोजन में आंधी-बारिश ने डाली खलल

विज्ञापन

झुमरीतिलैया. श्रीरामनवमी के अवसर पर इस वर्ष ब्लॉक मैदान में आयोजित कार्यक्रम ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति, साहस और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत अनुभव कराया. हालांकि शुक्रवार की देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी व बारिश के कारण शस्त्र प्रतियोगिता बीच में ही रोकनी पड़ी, फिर भी आयोजन का उत्साह और जोश लंबे समय तक लोगों के मन में बना रहा. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी भारतीय संस्कृति, साहस और धर्म की विजय का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं के शस्त्र प्रदर्शन को गौरवशाली परंपरा और वीरता का परिचायक बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं. विधायक डॉ. नीरा यादव ने भी रामनवमी की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम के दौरान केवल दो अखाड़ा समितियों के खिलाड़ियों ने अपने करतब दिखाये थे कि तभी तेज हवा और बारिश शुरू हो गयी. आयोजकों ने तुरंत निर्णय लेकर कार्यक्रम रोक दिया. इसके बावजूद मैदान में मौजूद श्रद्धालुओं ने अनुशासन और शांति के साथ स्थल खाली किया. आयोजकों ने बताया कि कई अखाड़ों को अपने प्रदर्शन का अवसर नहीं मिल सका, लेकिन बारिश से पहले तक वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय बना हुआ था.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया

रिदम नृत्य अकादमी के बच्चों ने भगवान राम के जन्म, वनवास और रावण वध की कथा को नृत्य-नाटिका के माध्यम से जीवंत किया. आकाश योग केंद्र की टीम ने समूह योगासन की प्रभावशाली प्रस्तुति दी. अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक आकाश कुमार सेठ, राष्ट्रीय प्रशिक्षक ईशा कुमारी और जिला प्रशिक्षक मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया.

अमेजिंग किड्स ने मां दुर्गा पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया.

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी और अंगवस्त्र से सम्मानित कर हुई. इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक डॉ. नीरा यादव, नगर परिषद अध्यक्ष रमेश हर्षधर, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, झामुमो नेत्री शालिनी गुप्ता, झारखंड 45 बटालियन के कमांडिंग अधिकारी कर्नल विजय कुमार, महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष महावीर मोदी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

इस वर्ष 43 वर्षों में पहली बार पारंपरिक झंडा चौक के स्थान पर कार्यक्रम ब्लॉक मैदान में हुआ. बड़े स्थल के कारण महिलाओं और बच्चों की भागीदारी अधिक रही. मैदान के चारों ओर भारी भीड़ रही और लोगों में खासा उत्साह नजर आया.

कार्यक्रम का संचालन महासमिति अध्यक्ष संतोष यादव ने किया. आयोजन को सफल बनाने में संयोजक विशाल भदानी, महामंत्री चंदन चक्रवर्ती, मिलन सहवादी, रवि यादव, ईश्वर मोदी, रंजीत गुप्ता, अविनाश चंद्रवंशी, राहुल यादव, बसंत सिंह, कृष्णा चौधरी, संजय यादव, विनोद शर्मा, जोशी कुमार, प्रवीण मोदी, राज सिंह लांबा सहित कई कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Akarsh Aniket is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola