अवैध शराब कारोबार का विरोध करने पर युवक को बेरहमी से पीटा, एक गिरफ्तार

झारखंड के सतगावां में अवैध महुआ शराब का विरोध करने पर शराब माफियाओं ने एक युवक को लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सतगावां : थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढाब में सोमवार को अवैध महुआ शराब के कारोबार का विरोध करने पर शराब माफियाओं द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला प्रकाश में आया है. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. घायल युवक की पहचान ढाब ग्राम निवासी 28 वर्षीय संजीव कुमार के रूप में की गई है.
घटना के संबंध में पीड़ित संजीव कुमार ने बताया कि उनके गांव ढाब में अवैध महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जाती है, चूंकि बिहार सीमा से सटे होने के कारण और बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने की वजह से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग बिहार से आकर यहां शराब का सेवन करते हैं.
शराबियों के जमावड़े के कारण गांव में आए दिन लड़ाई झगड़ा और अशांति का माहौल बना रहता है. संजीव ने बताया कि वे और ग्रामीण पूर्व में भी इस अवैध धंधे का विरोध कर चुके हैं. सोमवार को इसी विरोध से आक्रोशित होकर शराब माफियाओं ने संजीव को उसके घर के पास से जबरन खींचकर उठा लिया और लाठी डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी.
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घायल संजीव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे थाने लाकर पूछताछ कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










