कोडरमा के वृंदाहा वाटर फॉल में नहाते समय जहानाबाद का 14 वर्षीय छात्र डूबा, खोजबीन जारी
पानी में डूबे छात्र की तलाश करते गोताखोर
झारखंड के कोडरमा में वृंदाहा वाटर फॉल में पिकनिक मनाने गए 14 वर्षीय छात्र की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई. छात्र रील बनाते समय चट्टान से फिसल गया था. एनडीआरएफ की टीम को खोजबीन के लिए बुलाया गया है.
झुमरीतिलैया, कोडरमा : तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदाहा वाटर फॉल में नहाने के दौरान बुधवार की दोपहर एक छात्र डूब गया. छात्र की पहचान जहानाबाद, बिहार निवासी 14 वर्षीय सागर कुमार, पिता राजेश प्रसाद के रूप में हुई है. फॉल में डूबे छात्र की खोजबीन जारी है. वह नौवीं कक्षा में पढ़ता था. बुधवार देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया था. उसकी खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है. टीम के पहुंचने के बाद छात्र की खोजबीन का प्रयास फिर शुरू किया जायेगा.
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद के एक निजी कोचिंग संचालक कोचिंग के करीब छह बच्चों और अपनी एक बच्ची के साथ कोडरमा के प्रसिद्ध वृंदाहा वाटर फॉल में पिकनिक मनाने आया था. सभी पहले ट्रेन से कोडरमा स्टेशन पहुंचे. यहां से ऑटो रिजर्व कर वृंदाहा वाटर फॉल गये. यहां से सभी तिलैया डैम जाने वाले थे. इससे पहले सभी बच्चे वाटर फॉल के समीप स्नान करने लगे.
यह भी पढ़ें : कोडरमा में किसानों के लिए DC का निर्देश, सरकारी योजनाओं से हर पात्र किसान को जोड़ने पर जोर
सागर कुमार वाटर फॉल के पास स्थित एक चट्टान पर चढ़कर स्नान कर रहा था और रील बना रहा था. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह चट्टान के नीचे गहरे गड्ढे में समा गया. सागर के डूबने के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. वाटर फॉल के समीप मौजूद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तिलैया पुलिस को दी.
इसके बाद तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से पानी में डूबे छात्र को ढूंढने का प्रयास किया. सागर की खोजबीन के दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. इस कारण खोजबीन में काफी परेशानी हुई.
एनडीआरएफ की टीम को दी गयी सूचना
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि डूबे हुए छात्र की खोजबीन की गयी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गयी है. टीम के आने के बाद एक बार फिर खोजबीन का प्रयास किया जायेगा.
ज्ञात हो कि वृंदाहा वाटर फॉल में एक चट्टान के समीप गहरी खाई है. जिला प्रशासन द्वारा लगातार वाटर फॉल के नजदीक जाने से मना किया जाता है. इसके बावजूद दूसरे जिलों से आने वाले लोग वाटर फॉल के नजदीक चट्टानों पर चढ़ते हैं और रील बनाने या सेल्फी लेने के चक्कर में गहरे पानी में समा जाते हैं. इस तरह का हादसा पहले भी यहां हो चुका है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए