झुमरी तिलैया में भादो महोत्सव: राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुईं महिलाएं, भजनों पर खूब झूमे श्रद्धालु
झुमरीतिलैया के श्री राणी सती मंदिर में भादो महोत्सव के दौरान 251 महिलाओं ने मंगल पाठ किया. भजनों और भक्तिमय माहौल में दादी जी की आराधना की गई.
कोडरमा: झुमरीतिलैया के श्री राणी सती मंदिर में भादो महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को सस्वर मंगल पाठ श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ. सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चले आयोजन में 251 महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुईं. मंदिर परिसर को सजाया गया था. जय दादी, मंगल भवन अमंगल हारी और नारायणी तेरो के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा-अर्चना पंडित अनिल मिश्रा और प्रकाश मिश्रा ने करायी. यजमान के रूप में कविता-मनोज पिलानिया उपस्थित रहे.
बराकर से आयीं भजन गायिका मीना अग्रवाल ने दादी जी की महिमा का गुणगान किया. उन्होंने बधाई हो सारे भक्तों को, तनधन बाबा सेठ नारायणी सेठानी, तेरी चुनरी के आगे झुक गये बड़े-बड़े सरकार, जय भवानी और लायो थारी चुनरी कर लो मैया स्वीकार समेत कई भक्तिमय गीत प्रस्तुत किये. भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे.
कार्यक्रम श्री राणीसती जी महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित हुआ. संयोजक प्रदीप खाटूवाला और अनूप खाटूवाला ने कलाकारों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि समाज की बुराइयों को त्यागने और धार्मिक भावनाओं के माध्यम से आपसी सामंजस्य बढ़ाने की आवश्यकता है. दादी जी मां दुर्गा के शक्ति स्वरूप की आराधना हैं. भादी अमावस्या का पर्व यह संदेश देता है कि बेटा भाग्य है, तो बेटियां सौभाग्य हैं, क्योंकि बेटियां दो कुलों का मान बढ़ाती हैं. कार्यक्रम में अग्रवाल, जैन, माहेश्वरी, मारवाड़ी ब्राह्मण समाज, मारवाड़ी युवा मंच, मां की लाडली समेत बड़ी संख्या में दादी भक्त शामिल हुए.
10 को होगा संगीतमय जागरण
गुरुवार की शाम श्री राणीसती मंदिर परिसर में अखंड ज्योत के साथ संगीतमय जागरण होगा. कोलकाता की भजन गायिका ईशा अग्रवाल भजनों की प्रस्तुति देंगी. श्रद्धालुओं के बीच सवामणि प्रसाद का वितरण किया जायेगा. वहीं चांडक कॉम्प्लेक्स स्थित विनोद बजाज के आवास पर ढढंड सती दादी के भजनों का आयोजन होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए