हाथी आने पर घबराएं नहीं, बुद्धिमानी से बचाव कार्य करें : रामबाबू

Published by : Akarsh Aniket Updated At : 28 Mar 2026 10:01 PM

विज्ञापन

हाथी आने पर घबराएं नहीं, बुद्धिमानी से बचाव कार्य करें : रामबाबू

विज्ञापन

कोडरमा बाजार. कोडरमा और आस पास के क्षेत्रों में जंगली हाथियों के आगमन से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. इसी बीच वन विभाग द्वारा प्रभावित गांवों /क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को जंगली हाथियों से बचाव के तरीके बताये गये. साथ ही लोगों के बीच बचाव से संबंधित विभिन्न प्रकार की सामग्रियों का वितरण किया गया. वन्य प्राणी प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार के नेतृत्व में बोनाकाली, मरियमपुर, छोटकीबागी, इंदरवा ,चितरपुर समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रक्षेत्र पदाधिकारी श्री कुमार ने ग्रामीणों को हाथी से बचाव के लिए विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यदि गांव में हाथी का आगमन होता है तो शोर नहीं करें बल्कि मजबूत घरों में चुपचाप चले जायें, अकेले बाहर नहीं निकलें, हाथी आगमन की त्वरित सूचना वन विभाग को दें. आस पास के लोगों को एकत्रित कर 10-12 की संख्या में एकजुट होकर मशाल जलायें, पटाखे छोड़े, टायर जलायें, सूखे लाल मिर्च को जलायें इससे हाथी स्वयं अपना रास्ता बदल लेगा. ग्रामीणों को बताया गया कि हाथियों के निकट जाने से बचें, समूह में रहें, हाथी यदि अपना कान खड़े कर देता है,सूंढ ऊपर की ओर कर आवाज लगाने लगे तो इस बात का संकेत है कि वह आप हमला करने आ रहा है, ऐसे में तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जायें, अपने घरों में महुआ या इससे बने अन्य उत्पाद को नहीं रखें. कार्यक्रम के दौरान प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के बीच सूखे लाल मिर्च, साइकिल का टायर, मशाल, मोबिल, डीजल, सूखा लकड़ी आदि का वितरण किया गया. मौके पर वन विभाग की टीम व ग्रामीण मौजूद थे. कोडरमा के बिरजामु में दिखा हाथी, जलाया गया मशाल प्रखंड के बिरजामु में शनिवार शाम को जंगली हाथी दिखा. हाथी के आगमन की खबर सुनते ही आस पास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया. बताया जाता है कि हाथी बिरजामु के नर्सरी जंगल स्थित एक शेड में छिपा हुआ है ,इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों द्वारा समूह में बंट कर मशाल जलाया जा रहा है. साथ ही बचाव के अन्य उपाय किये जा रहे हैं. वन्य प्राणी प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामबाबू कुमार ने बताया कि बिरजामु के नर्सरी जंगल में हाथी होने की जानकारी मिली है. टीम वहां अविलंब पहुंच रही है. उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह को चितरपुर में हाथी आने की खबर मिली थी, जिसके बाद वन विभाग की टीम पूरे क्षेत्र में सघन गश्ती की, परन्तु कोई ट्रेस नहीं मिल पाया था, बिरजामु के लिए टीम रवाना हो चुकी है.

विज्ञापन
Akarsh Aniket

लेखक के बारे में

By Akarsh Aniket

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola