उग्रवादियों ने 25 ग्रामीणों को पीटा

Updated at : 14 Jul 2015 6:32 AM (IST)
विज्ञापन
उग्रवादियों ने 25 ग्रामीणों को पीटा

कोडरमा : चंदवारा थाना क्षेत्र के बेंदी गांव में रविवार की रात उग्रवादियों ने 25 से अधिक ग्रामीणों की जम कर पिटाई कर दी. चार घंटे तक उग्रवादियों ने ग्रामीणों के हाथ बांध कर डंडे से पीटा. दहशत फैलाने के लिए 40-50 राउंड फायरिंग की. कई ग्रामीणों ने छिप कर जान बचायी. हालांकि एक गोली […]

विज्ञापन

कोडरमा : चंदवारा थाना क्षेत्र के बेंदी गांव में रविवार की रात उग्रवादियों ने 25 से अधिक ग्रामीणों की जम कर पिटाई कर दी. चार घंटे तक उग्रवादियों ने ग्रामीणों के हाथ बांध कर डंडे से पीटा. दहशत फैलाने के लिए 40-50 राउंड फायरिंग की. कई ग्रामीणों ने छिप कर जान बचायी. हालांकि एक गोली बाहर बंधे पशु के पैर में लगी है.

25 की संख्या में थे उग्रवादी : जानकारी के अनुसार, करीब 25 की संख्या में उग्रवादियों के दस्ते ने रविवार शाम 6.30 बजे गझंडी की ओर से बेंदी गांव में घुसे. वे गांव के ही कृष्णा सिंह व प्रदीप सिंह को खोजने लगे.

ग्रामीण युवक व अन्य व्यक्ति एकजुट होकर बाहर निकले, तो उग्रवादियों ने ग्रामीणों को दूर से ही कहा कि डरो नहीं हम पुलिसवाले हैं, मदद करेंगे. ग्रामीण नजदीक गये, तो सभी को पकड़ कर पिटाई शुरू कर दी. कुछ ग्रामीणों ने इधर-उधर भागने का प्रयास किया, तो उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी. कई ने भाग कर अपनी जान बचायी.

उग्रवादियों ने पकड़े गये लोगों से पूछा कि तुम्हें मोरचा बनाने के लिए किसने कहा था. कौन-कौन नेता बनता है यहां. धमकी देते हुए कहा कि आज छोड़ दे रहे हैं, कृष्णा सिंह व प्रदीप सिंह को जाकर पीटो, नहीं तो बुरा अंजाम भुगतना पड़ेगा. उग्रवादियों ने ग्रामीणों से मोबाइल व टार्च छीन लिये.

इससे पहले उग्रवादियों ने रविवार को दिन में ही पास के गांव बोंगादाग में एक ग्रामीण प्रकाश सिंह पिता फागुन सिंह की पिटाई कर दी थी. ग्रामीण ने उन्हें खाना नहीं दिया था.

10 लोग गंभीर रूप से जख्मी

घायलों में प्रदीप सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, मंटू सिंह, महावीर सिंह, रमेश सिंह, किशोर सिंह , रामदेव सिंह , शिवकुमार सिंह, केदार सिंह, रविंद्र कुमार, टेकलाल गिरि, गांगो शर्मा, जगदीश सिंह, अनिल लोहानी, ज्ञान प्रकाश सिंह, तालेवर सिंह, संजय शर्मा, भवानी शर्मा, मुन्ना साव शामिल हैं. इनमें से 10 ग्रामीणों के पीठ, पेट व छाती पर जख्म के गहरे निशान हैं. कई ग्रामीण तो पैदल चलने की स्थिति में नहीं हैं. पुलिस ने सभी घायलों को सुबह में सदर अस्पताल भेजा.

मिलेगी सुरक्षा, पुलिस कैंप करेगी : आइजी

सोमवार को दोपहर 12 बजे बेंदी पहुंची बोकारो जोन की आइजी तदाशा मिश्र ने ग्रामीणों के साथ बैठक की. कहा कि ग्रामीणों ने उग्रवादियों से लड़ने की हिम्मत दिखायी. पुलिस सभी को सुरक्षा देगी. अभी पुलिस यहीं कैंप करेगी. यहां पुलिस पिकेट बनाने का प्रस्ताव भेजा जायेगा. इससे पहले एसपी वाइएस रमेश, एएसपी नौशाद आलम, डीएसपी कर्मपाल उरांव भी बेंदी पहुंचे. एसपी ने कहा : उग्रवादी गांव के क्षेत्र में अपना पैर जमाना चाहते हैं. इसके अलावा वन भूमि पट्टा को लेकर भी कुछ विवाद है. इन्हीं कारण से उग्रवादियों ने ऐसा कदम उठाया. पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान चला रही है. ग्रामीणों को पुलिस पूरा सुरक्षा मुहैया करायेगी. बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण उग्रवादी इसका फायदा उठाते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola