गांव, गरीब व किसान की है भाजपा सरकार

Updated at : 19 Sep 2017 1:34 PM (IST)
विज्ञापन
गांव, गरीब व किसान की है भाजपा सरकार

कोडरमा: जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को समाहरणालय परिसर में गरीब कल्याण मेला का आयोजन किया गया. मेला में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि एवं पशुपालन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री रंधीर सिंह, विशिष्ट अतिथि शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव, बरकट्टा विधायक सह आवास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो जानकी यादव, डीसी संजीव […]

विज्ञापन
कोडरमा: जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को समाहरणालय परिसर में गरीब कल्याण मेला का आयोजन किया गया. मेला में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि एवं पशुपालन मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री रंधीर सिंह, विशिष्ट अतिथि शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव, बरकट्टा विधायक सह आवास बोर्ड के अध्यक्ष प्रो जानकी यादव, डीसी संजीव कुमार बेसरा, एसपी एसके झा, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता व अन्य मौजूद थे. मेला के दौरान सैकड़ों लाभुकों के बीच 12,64,36, 943 रुपये की ऋण परिसंपत्ति व सहायता का वितरण किया गया.

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रंधीर सिंह ने कहा कि राज्य में विकास की रफ्तार बढ़ी है. राज्य विकास के पायदान पर पहले 16वें स्थान पर था, पर अब यह गुजरात के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. पूर्व की सरकारों ने कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया. यही कारण रहा कि उनके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं था, पर रघुवर सरकार ने एक हजार दिन में विकास के कई आयाम बनाये हैं. सरकार ने सबसे महत्वपूर्ण काम स्थानीय नीति बनाकर की. आज झारखंडी युवाओं को नौकरी पाने में आसानी हो रही है. सरकार ने पिछले दिनों में एक लाख नौकरियां दी. इस वर्ष पचास हजार को नौकरी देने का लक्ष्य है.


उन्होंने कोडरमा से पहले मंत्री रही नेता पर सवाल उठाया. कहा, पूर्व मंत्री ने जनता को कभी हिसाब दिया क्या. 15 साल शासन किया उन्होंने क्या काम किया जनता को हिसाब मांगना चाहिए. कोडरमा में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं, तो बिजली की मांग को पूरा करने के लिए दो सौ करोड़ की लागत से पावर ग्रिड बनाने की तैयारी है. अगर अभी दो चार घंटे कम बिजली मिल रही होगी तो इस पावर ग्रिड के बन जाने के बाद जिले को 24 घंटे बिजली मिलेगी. उन्होंने कहा कि बहुत जल्द कोडरमा में श्वेत क्रांति लायेंगे. साथ ही मछली उत्पादन को बढ़ाने के लिए काम होगा. यहां पचास हजार लीटर क्षमता का मिल्क प्लांट झारखंड मिल्क फेडरेशन द्वारा बनाया जायेगा. इसके लिए इस्राइल से तकनीक की जानकारी ली गयी है. मंत्री ने कहा कि सरकार ने खेतों तक पानी पहुंचाया है. किसानों की आय को दोगुना करना लक्ष्य है. उन्होंने कोडरमा डीसी की सराहना करते हुए कहा कि डीसी मेहनती हैं. यह कई कार्य में दिख रहा है. आगे और मेहनत की जरूरत है. समारोह को शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव, विधायक प्रो जानकी यादव व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने भी संबोधित किया. स्वागत भाषण देते हुए डीसी संजीव कुमार बेसरा ने जिला प्रशासन की उपलब्धियां गिनायी. मंच संचालन शिक्षक राजेश्वर पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी आदित्य कुमार आनंद ने किया. अतिथियों ने उपलब्धियों का परिलक्षित करने वाले बुकलेट व फोल्डर का भी विमोचन किया. इस अवसर पर पर एसडीओ प्रभात कु. बरदियार, एसी प्रवीण कु. गागराई, डीपीआरओ रवींद्र सिंह, डीएसडब्ल्यूओ मनीषा वत्स, डीपीओ शाहिद अहमद, कमलेंद्र सिन्हा, नगर पंचायत अध्यक्ष कांति देवी, उपाध्यक्ष कुलवीर सलूजा, जिप सदस्य अमृता सिंह, चंदवारा प्रमुख लीलावती देवी, डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, बीडीओ मिथिलेश चौधरी, सीओ अशोक राम आदि मौजूद थे.
व्यक्ति का नहीं, देश का हो रहा विकास : शिक्षा मंत्री : शिक्षा मंत्री डाॅ नीरा यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केवल एक व्यक्ति का नहीं, देश का विकास हो रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कल्याण, सड़क से लेकर खाद्य सुरक्षा सभी में कार्य हुए हैं. रघुवर दास की सरकार में विकास की गंगा बह रही है. पहले लोग पलायन कर रहे थे, पर अब इस पर रोक लग गयी है. इस सरकार के शासन में लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है. सरकार ने पहले दिखाये जा रहे मुंगरी लाल के हसीन सपनों को साकार कर दिखाया है. उन्होंने उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रखी है. आज गांव की महिला दीदी टेबलेट के साथ काम कर रही है. दशा व दिशा बदलने में नारी शक्ति का बड़ा योगदान होता है. ऐसे में बेटा-बेटी में कोई अंतर न समझें सभी को पढ़ाएं और आगे बढ़ने का अवसर दें. उन्होंने बेटियों को हुनरमंद बनाने की अपील की. मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचार पर पूरी तरह रोक लगाना है. अगर किसी योजना के बदले कोई पैसा मांगता है तो सीधे शिकायत करें. कोडरमा में बिचौलियावाद खत्म करने के लिए ठोस पहल हो रही है.
भाजपा सरकार में हो रहा काम : जानकी यादव : विधायक प्रो जानकी यादव ने कहा कि झारखंड में 14 वर्षों तक जो भी सरकार रही उस समय अनिश्चितता का दौरा चला. स्थायी सरकार के नहीं होने से विकास नहीं हुआ. राज्य गरीब होता चला गया. आम लोगों की कोई सुनता नहीं था. पूर्व की सरकारों ने कोयला व अन्य खनिजों को लूटने का काम किया है. जब से रघुवर दास की बहुमत की सरकार बनी है, गरीबों का कल्याण हो रहा है. इस सरकार में सिर्फ भाषण नहीं, काम हो रहा है. शौचालय निर्माण योजना से लेकर पीएम आवास योजना तक उदाहरण बने हैं. उन्होंने शौचालय निर्माण योजना के क्षेत्र में हुए कार्य के लिए डीसी कोडरमा की खुल कर तारीफ की. कहा, आज हर क्षेत्र में बदलाव दिख रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में कोडरमा काफी आगे बढ़ा है. इंजीनियरिंग काॅलेज का शिलान्यास हुआ तो जयनगर में पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्वीकृति दी जा चुकी है. उन्होंने कहा कि सरकार लोगों की सोच रही है, पर कुछ काम अभी भी बाकी है. कई गांवों में पीने का शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है.
उज्ज्वला के लाभुकों को गैस, सखी मंडल को मिला चेक : कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच 12 करोड़ 64 लाख 36 हजार 943 रुपये की ऋण परिसंपत्ति व सहायता का वितरण किया गया. मंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत लाभुकों को गैस, तो कृषि विभाग द्वारा पंप सेट का वितरण किया. वहीं असाध्या रोग के तहत दो लोगों को सहायता राशि का वितरण किया गया. सखी महिला मंडल के बीच चेक का वितरण हुआ, जबकि दो पोषण सखी को नियुक्ति पत्र दिया गया. हालांकि, समय अभाव के कारण सांकेतिक वितरण कर सभी लाभुकों को विभाग के स्टॉल से योजना का लाभ दिया गया. वितरण के दौरान व इसके पूर्व कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था का आलम रहा. मंच के पास काफी भीड़ जमा हो जाने से लोगों को परेशानी हुई.
विभागों के द्वारा वितरित किए गए लाभ : मेला में कृषि विभाग द्वारा 76 लाख 38 हजार 800 से 338 लोगों के बीच पंप सेट, गव्य विकास विभाग द्वारा आठ लाभुकों के बीच चार लाख 50 हजार, गंभीर बीमारी के तहत इलाज के लिए 37 लोगों के बीच 65 लाख 26 हजार 113 रुपये, 163 लोगों के बीच चार करोड़ 7 लाख 50 हजार का बैंक ऋण, आपूर्ति विभाग द्वारा 92 लाख 67 हजार 630 रुपये से गैस, सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा वृद्धा पेंशन, कल्याण विभाग द्वारा एक करोड़ 63 लाख 40 हजार से साइकिल व चिकित्सा सहायता, जिला मत्स्य विभाग द्वारा एक करोड़ 22 लाख 40 हजार से मछली का दाना, जाल, वेद व्यास आवास, जिला समाज कल्याण कार्यालय के द्वारा एक करोड़ तीन लाख 40 हजार 800 से विकलांग यंत्र, लक्ष्मी लाडली योजना, स्वामी विवेकानंद स्वालंबन योजना, जेएसएलपीएस के द्वारा 83 लाख 83 हजार 600 से सखी मंडल के बीच बकरी वितरण, आरएस, ओटीएनसी, प्रखंड कार्यालय कोडरमा द्वारा एक करोड़ 45 लाख की लागत से पीएम आवास योजना के लाभुकों को लाभ दिया गया.
स्टॉलों का मंत्री ने लिया जायजा : मेला में विभिन्न विभागों के द्वारा करीब दो दर्जन स्टॉल लगाये गये. विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गयी. मंत्री ने स्टॉल का भी जायजा लिया. वहीं मेला परिसर में नियोजन कार्यालय की ओर से रोजगार मेला के तहत 15 स्टाल लगाये गये. इन स्टालों पर युवा नौकरी व प्रशिक्षण को लेकर जानकारी लेते दिखे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola