JPSC Exam Cancellation: नौकरी गयी तो डिप्टी कलेक्टर सोनम ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा, 200 अफसरों की ट्रेनिंग भी रुकी

Updated:
विज्ञापन

झारखंड हाईकोर्ट की फाइल फोटो.

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा रद्द होने के बाद नियुक्त अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. परीक्षा रद्द होने से सेवामुक्त हुईं डिप्टी कलेक्टर सोनम कुमारी ने राज्य सरकार की अधिसूचना को झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है. वहीं, इन परीक्षाओं से नियुक्त करीब 200 उप-समाहर्ताओं की ट्रेनिंग भी बीच में ही रुक गयी है.

विज्ञापन

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा रद्द होने के बाद नियुक्त अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. परीक्षा रद्द होने से सेवामुक्त हुईं डिप्टी कलेक्टर सोनम कुमारी ने राज्य सरकार की अधिसूचना को झारखंड हाइकोर्ट में चुनौती दी है. वहीं, इन परीक्षाओं से नियुक्त करीब 200 उप समाहर्ताओं की ट्रेनिंग भी बीच में ही रुक गयी है. उन्हें लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है.

सेवामुक्त डिप्टी कलेक्टर सोनम ने हाइकोर्ट में दायर की याचिका

झारखंड हाइकोर्ट में डिप्टी कलेक्टर सोनम कुमारी की ओर से अधिवक्ता ने रिट याचिका दायर की है. सोनम कुमारी हजारीबाग जिले में पदस्थापित थीं. याचिका में राज्य सरकार की उस अधिसूचना को निरस्त करने की मांग की गयी है, जिसके माध्यम से जेपीएससी की विज्ञापन संख्या-01/2024 को रद्द कर दिया गया है.

याचिका में कहा गया है कि राज्य सरकार ने मेमो नंबर 5404/18.8.2026 के माध्यम से जेपीएससी की 11वीं से 13वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा को रद्द कर दिया है. इस मामले की सुनवाई गुरुवार को झारखंड हाइकोर्ट में होगी.

11वीं से 13वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा में चयनित होने के बाद सोनम कुमारी ने बिहार के गया जिले में शिक्षक की नौकरी छोड़कर झारखंड में योगदान दिया था. चयन के बाद राज्य सरकार ने उनकी नियुक्ति की थी. उन्हें 24 नवंबर 2025 को नियुक्ति पत्र मिला था. इसके बाद उन्होंने डिप्टी कलेक्टर पद पर योगदान दिया और अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही थीं. परीक्षा रद्द होने के बाद उन्हें सेवा से मुक्त कर दिया गया है.

200 नवनियुक्त उप समाहर्ताओं की ट्रेनिंग भी रुकी

राज्य सरकार द्वारा जेपीएससी 11वीं, 12वीं व 13वीं सिविल सेवा परीक्षा रद्द किये जाने का असर इन परीक्षाओं से नियुक्त करीब 200 उप समाहर्ताओं पर भी पड़ा है. इन अधिकारियों की ट्रेनिंग बीच में ही रुक गयी है. हाल ही में श्रीकृष्ण लोक प्रशासन प्रशिक्षण संस्थान से ट्रेनिंग लेकर उन्हें जिलों में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया था. फिलहाल वे जिलों में प्रोबेशन पीरियड में थे.

परीक्षा रद्द होने के बाद तकनीकी रूप से उनकी नौकरी चली गयी है. ऐसे में सभी उप समाहर्ता संशय की स्थिति में हैं और रांची पहुंचने लगे हैं.

श्रावणी मेले में ड्यूटी कर रहे 63 अफसर भी हटाये गये

देवघर स्थित बाबा धाम में विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए इनमें से 40 प्रोबेशन उप समाहर्ताओं को प्रतिनियुक्त किया गया था. इसके अलावा दुमका जिले के बासुकीनाथ में 23 प्रोबेशन उप समाहर्ताओं को दंडाधिकारी बनाया गया था. इस तरह श्रावणी मेले में कुल 63 प्रोबेशन उप समाहर्ता ड्यूटी पर तैनात थे.

परीक्षा रद्द होने के बाद अब इन अधिकारियों को ड्यूटी से हटा दिया गया है. इससे एक ओर जहां नवनियुक्त अधिकारियों की ट्रेनिंग और सेवा पर सवाल खड़े हो गये हैं, वहीं दूसरी ओर परीक्षा रद्द होने के बाद नियुक्त अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.


विज्ञापन
वैभव विक्रम

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम डिजिटल पत्रकार हैं. बीते 5 सालों से झारखंड की सामाचार, खेल, लाइफस्टाइल, एजुकेशन, धर्म में रुचि है और इसी विषय पर अपने विचार प्रकट करना पसंद है. वर्तमान में प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के जिलों की खबरों को कवर कर रहे हैं. इससे पहले वह साल 2023-24 में प्रभात खबर के खेल डेस्क की खबरें लिखा करते थे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola