मिहिजाम में रफ्तार ने ली जान,दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत; एक की मौत, दो घायल
मृतक के परिजन.
मिहिजाम के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर में 40 वर्षीय उत्पल मंडल की मौत . जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल. पुलिस जांच में जुटी.
उमेश कुमार, जामताड़ा.मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान जियाजोरी, गोरायनाला निवासी उत्पल कुमार मंडल (40) के रूप में हुई है.
जामताड़ा से मिहिजाम लौट रहे थे उत्पल
जानकारी के अनुसार, उत्पल कुमार मंडल बाइक से जामताड़ा से मिहिजाम की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बेवा गांव के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गयी.
हादसे में उत्पल गंभीर रूप से घायल हो गये. दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गये और उन्हें तत्काल इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. अताउल हक ने जांच के बाद उत्पल कुमार मंडल को मृत घोषित कर दिया.
दूसरी बाइक पर सवार बनकटी, करमाटांड़ निवासी कपिल राय और बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भोगीकाटा निवासी सुधीर सिंह भी हादसे में घायल हो गये. दोनों को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जाता है कि उत्पल कुमार मंडल डेली पैसेंजर का काम करते थे. गुरुवार को भी वह जामताड़ा से सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बेवा गांव के समीप हादसे का शिकार हो गये.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों और दोनों बाइकों की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटा रही है. हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




