अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, एक की मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

Published by :KumarVishwat Sen
Updated at :12 May 2026 3:08 PM
विज्ञापन
Jamtara News

सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी सीओ देवराज गुप्ता. फोटो: प्रभात खबर

Jamtara News: जामताड़ा में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क जाम कर मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

जामताड़ा से निकेश कुमार की रिपोर्ट

Jamtara News: झारखंड के जामताड़ा जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के रायडीह मोड़ (पबिया) के समीप गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर हुई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. मृतक की पहचान झिलुवा गांव निवासी राजामणि मंडल (50 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं घायल व्यक्ति रायडीह निवासी परमेश्वर सिंह बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है.

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी जोरदार टक्कर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राजामणि मंडल अपने साथी परमेश्वर सिंह के साथ बाइक से पबिया से रायडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जामताड़ा की ओर से अवैध बालू लोड कर नारायणपुर की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराया और उसका अगला हिस्सा पेड़ पर चढ़ गया. दुर्घटना के दौरान बाइक चालक ट्रैक्टर के नीचे फंस गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल परमेश्वर सिंह को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

एक घंटे बाद निकाला गया शव

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ट्रैक्टर के नीचे फंसे शव को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. करीब एक घंटे बाद क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटाकर शव बाहर निकाला गया. इस दौरान घटनास्थल पर माहौल बेहद गमगीन बना रहा और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर लगातार अवैध बालू लदे वाहनों की आवाजाही होती रहती है, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसे वाहन खुलेआम तेज रफ्तार में चलते हैं.

मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे जाम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू कारोबार जारी है, लेकिन प्रशासन इस पर रोक लगाने में विफल साबित हो रहा है. लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन की मिलीभगत से अवैध बालू का कारोबार फल-फूल रहा है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं.

प्रशासन पर गंभीर आरोप

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल, प्रभारी सीओ देवराज गुप्ता और नारायणपुर थाना के सब इंस्पेक्टर साकेत प्रताप देव मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे. ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि अवैध बालू कारोबारियों से नियमित वसूली की जाती है, इसलिए उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होती. लोगों ने कहा कि यदि समय रहते अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाई जाती तो यह हादसा नहीं होता.

इसे भी पढ़ें: नाले से मिला लापता 18 महीने की बच्ची का शव का टुकड़ा, परिवार में मचा कोहराम

अवैध बालू कारोबार पर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर जिले में अवैध बालू कारोबार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि रात-दिन बालू लदे ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन तेज रफ्तार में सड़कों पर दौड़ते रहते हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ गई है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी करने और अवैध बालू परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रशासन लोगों को आश्वस्त कर रहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: रजरप्पा डकैती कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, जमीन में छिपाए गए जेवरात बरामद

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola