Bettiah: हल्दी की रस्म में खुला दूल्हे का राज, छोटे भाई ने रचाई शादी

Updated:
विज्ञापन
Bagaha wedding controversy brother became groom

AI जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो

बगहा में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की पहली शादी और तीन बच्चों का राज खुल गया. आखिरकार बड़े भाई की जगह छोटे भाई को दूल्हा बनाना पड़ा. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिम चंपारण के बगहा अनुमंडल अंतर्गत ठकराहा प्रखंड के नवका टोला बेलवारीपट्टी गांव में एक शादी समारोह उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे की कथित पहली शादी और तीन बच्चों का मामला सामने आ गया. विवाद इतना बढ़ा कि आखिरकार बड़े भाई की जगह छोटे भाई को दूल्हा बनाकर शादी करानी पड़ी.

हल्दी की रस्म में खुला राज

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ललन चौधरी ने अपने बड़े बेटे सोनू कुमार की शादी गोपालगंज जिले के जादवपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में तय की थी. मंगलवार को बारात जानी थी.

इसी बीच हल्दी की रस्म के दौरान एक महिला ने लड़की की मां के व्हाट्सएप पर सोनू कुमार के साथ अपनी तस्वीरें और कथित शादी से जुड़े दस्तावेज भेज दिए. महिला ने दावा किया कि सोनू उसका पति है और उससे उसके तीन बच्चे हैं.

लड़की पक्ष ने किया हंगामा

मामले की जानकारी मिलते ही लड़की पक्ष के दर्जनों लोग दूल्हे के घर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और विवाद होता रहा.

बताया गया कि लड़के के परिजनों ने भी स्वीकार किया कि उन्हें इस मामले की जानकारी दो दिन पहले ही मिली थी.

पंचायत के बाद निकला समाधान

घंटों तक चले विवाद के बाद गांव में पंचायत बैठी. पंचायत में बड़े भाई सोनू की जगह छोटे भाई अप्पू सहनी से शादी कराने का प्रस्ताव रखा गया.

शुरुआत में लड़की पक्ष ने इसका विरोध किया, लेकिन बाद में सामाजिक दबाव और बेटी के भविष्य को देखते हुए सहमति दे दी. इसके बाद छोटे भाई को दूल्हा बनाकर बारात रवाना की गई.

महिला ने लगाया शोषण का आरोप

खुद को सोनू कुमार की पत्नी बताने वाली महिला ने उस पर शोषण और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि सोनू उत्तराखंड की एक प्लाई फैक्ट्री में काम करता था, जहां दोनों के बीच संबंध बने थे.

महिला ने बताया कि दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद उसने 10 मई को स्थानीय थाने में आवेदन देकर शादी रुकवाने की गुहार भी लगाई थी. हालांकि इस मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आ सका है.

बेतिया के बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन