बिजली-पानी संकट पर भाजपा का प्रदर्शन, सिर पर मटका लेकर जताया विरोध

Published by :KumarVishwat Sen
Updated at :12 May 2026 5:33 PM
विज्ञापन
Pakur News

पाकुड़ में घड़ा के साथ प्रदर्शन करतीं महिलाएं. फोटो: प्रभात खबर

Pakur News: पाकुड़ में बिजली आपूर्ति की अनियमितता और पेयजल संकट को लेकर भाजपा ने जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका लेकर विरोध जताया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. भाजपा ने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

पाकुड़ से सानू दत्ता की रिपोर्ट

Pakur News: झारखंड के पाकुड़ जिले में बिजली आपूर्ति की अनियमितता और पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन पार्टी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे मैदान से हुई, जहां कार्यकर्ता एकत्रित हुए और वहां से विरोध मार्च निकालते हुए समाहरणालय पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जिले में व्याप्त बिजली एवं पानी की समस्या के समाधान की मांग उठाई.

भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया नेतृत्व

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने किया. उन्होंने कहा कि जिले की आम जनता लंबे समय से बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली संकट और भी गहरा गया है. कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर पेयजल की समस्या ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

मटका प्रदर्शन के जरिए जताया पानी संकट

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका लेकर विरोध जताया. यह मटका प्रदर्शन जिले में गहराते जल संकट का प्रतीक था. कार्यकर्ताओं ने कहा कि कई मोहल्लों और गांवों में लोगों को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है. महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. भाजपा नेताओं ने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति लगातार खराब होती जा रही है.

सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों का अधिकार हैं. बावजूद इसके जिले के लोग लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं. भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक संघर्ष जारी रखेगी.

इसे भी पढ़ें: बेतला नेशनल पार्क में टैंकर से जलापूर्ति शुरू, वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग मुश्तैद

समाहरणालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

विरोध मार्च के बाद भाजपा कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और पेयजल संकट दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया. भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी और जरूरत पड़ने पर बड़ा जनआंदोलन भी किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: धनबाद में चांदमारी ग्राउंड के पीछे युवक की हत्या, पत्थर से कुचलकर उतारा मौत के घाट

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola