जामताड़ा में हजारों राशन कार्ड पर गिरेगी गाज? सरकारी नौकरी और इनकम टैक्स वालों की होगी जांच
सांकेतिक तस्वीर
सरकारी नौकरी करने वाले और आयकर देने वाले लोगों के राशन कार्ड रद्द किए जाएंगे। सरकार ने अपात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
जामताड़ा: जिले में अपात्र लाभुकों के राशन कार्ड पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गयी है. खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने सभी उपायुक्तों को पत्र भेजकर राइटफुल टारगेटिंग अभियान के तहत चिह्नित लाभुकों के राशन कार्ड की समीक्षा कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग से प्राप्त केपीआई (वी-2) के आधार पर लाभुकों को विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित किया गया है. इनमें सरकारी नौकरी करने वाले, आयकरदाता और निर्धारित सकल कारोबार वाली श्रेणी में आने वाले लाभुक शामिल हैं. ऐसे लाभुकों के राशन कार्ड को परिवार के सभी सदस्यों सहित निरस्त करने का निर्देश दिया गया है.
सरकारी नौकरी करने वाले, आयकरदाता समेत विभिन्न श्रेणियों में चिह्नित लाभुकों का सत्यापन भी कराया जाएगा. विभाग ने शेष केपीआई श्रेणियों में चिह्नित लाभुकों के नाम 25 अगस्त 2026 तक राशन कार्ड से हटाने का निर्देश दिया है. साथ ही उपायुक्तों को इस कार्रवाई की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा गया है.
विभाग ने स्पष्ट किया है कि केपीआई (वी-2) के आधार पर निर्धारित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 31 अगस्त के बाद केंद्र सरकार संबंधित संख्या के आधार पर खाद्यान्न का आवंटन रोक सकती है. जामताड़ा जिले में भी आपूर्ति विभाग के स्तर से राशन कार्ड की जांच और लाभुकों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए