600 स्ट्रीट लाइट की खरीद व पांच जलमीनार की स्थापना पर बनी सहमति

Updated:
विज्ञापन

जामताड़ा. नगर पंचायत सभागार में सोमवार को जामताड़ा नगर पंचायत बोर्ड बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की.

विज्ञापन

जामताड़ा नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन प्रतिनिधि, जामताड़ा. नगर पंचायत सभागार में सोमवार को जामताड़ा नगर पंचायत बोर्ड बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी सोम खंडेत ने किया. इस दौरान नगर में संचालित नयी-पुरानी विकास योजनाओं की समीक्षा की गयी. शहर में रोशनी, जल निकासी, साफ-सफाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में नगर विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गये. नपं अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि नगर में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए मशीन, उपकरण सहित सेफ्टी किट की खरीद की जायेगी. साथ ही वाहनों की मरम्मत, राजा बांध की सफाई तथा जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पांच स्थानों पर जलमीनार स्थापित करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा जलापूर्ति कनेक्शन में लगे अवैध मोटर और समरसेबल की जांच तथा अजय नदी आधारित जलापूर्ति योजना का पुनरुद्धार कर शीघ्र शुरू किया जायेगा. नगर क्षेत्र में बेहतर रोशनी व्यवस्था के लिए 600 स्ट्रीट लाइट खरीदने का निर्णय लिया गया. वहीं हाइमास्ट पोल एवं स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी. बिजली विभाग से नये बिजली के खंभे लगाने का अनुरोध किया जायेगा. बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, विशेषकर अल्पना स्टोर जैसे संस्थानों के लिए अलग ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए विभाग से पत्राचार करने का भी निर्णय लिया गया. राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से होल्डिंग टैक्स का एसेसमेंट एवं री-एसेसमेंट करने, बड़े भवन मालिकों और बकायेदारों से टैक्स वसूली अभियान चलाने पर जोर दिया गया. नगर भवन का शुल्क 35 हजार रुपये से घटाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है, ताकि गरीब परिवारों को शादी-विवाह जैसे आयोजनों में सुविधा मिल सके. गांधी मैदान स्थित पवेलियन के नीचे बने दोनों कमरों का किराया तय करने का भी निर्णय लिया गया. बैठक में बोरिंग गाड़ी, सेप्टिक टैंक क्लीनर वाहन, पानी टैंकर एवं आरओ प्लांट से वार्षिक शुल्क लेने का निर्णय लिया गया. साथ ही शहर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए सुभाष चौक के पास पुराना ट्रैक्टर स्टैंड, चंदन लॉज के बगल, बसंत भारतीय लॉज के समीप, गौशाला मोड़ ओवरब्रिज के नीचे, गांधी मैदान के पश्चिमी छोर, एसडीओ आवास और डीएफओ कार्यालय के बीच तथा व्यवहार न्यायालय के बाहर पार्किंग स्थल चयनित किये गये हैं. यज्ञ मैदान और गांधी मैदान में शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाने का भी निर्णय लिया गया है. गांधी मैदान में बच्चों के लिए शिशु वाटिका तथा वृद्ध लोगों के लिए पार्क एवं पेवर ब्लॉक लगाने पर सहमति बनी. वहीं पुराना हटिया स्थित शिव मंदिर के बगल के भवन में पुस्तकालय संचालन करने का निर्णय लिया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत प्रथम चरण के 385 व द्वितीय चरण के 268 लाभुकों की सूची पारित कर डीपीआर विभाग को भेजने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा कई को नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं करने वाले लाभुकों के आवास प्रत्यर्पण की कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी. कार्यपालक पदाधिकारी सोम खंडेत ने कहा कि बोर्ड की बैठक में नगर विकास से जुड़े कई निर्णय लिए गये हैं, जिनसे नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष ज्योत्सना देवी, वार्ड पार्षद अशोक कुमार साव, विजय राउत, हरनाथ गण, दीनबंधु सिंह, शिखा रानी मंडल, जयंती दत्त, संगीता दास सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे.

विज्ञापन
Umesh Kumar

लेखक के बारे में

By Umesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola