गांवों की बदलेगी तस्वीर! नाला में 18.10 किमी नई सड़कों को मिली मंजूरी

Updated:
विज्ञापन

विस अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो | Prabhat Khabar Network

नाला विधानसभा क्षेत्र में 18.100 किमी लंबी चार नई सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आवागमन को मजबूती मिलेगी.

विज्ञापन

नाला : नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है. विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रयास से चार ग्रामीण सड़कों के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है. इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर जुड़ाव मिलेगा. ग्रामीणों के आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है. सड़कों के निर्माण से केवल आवागमन ही सुगम नहीं होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है. किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने तथा व्यापारियों को कारोबार करने में सुविधा मिलेगी. साथ ही निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे.

चार सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे 15.83 करोड़, 18.10 किमी सड़क का होगा निर्माण

बिंदापाथर से गेडिया तक 7.500 किलोमीटर लंबी सड़क, योजना की अनुमानित लागत 5 करोड़ 12 लाख 19 हजार 300 रुपये है. कार्य को 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य है. घोड़ादहा से सालकुंडा वाया तुसकुंडी तक 5.200 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है. इसके लिए 5 करोड़ 5 लाख 96 हजार 900 रुपये की अनुमानित राशि निर्धारित है. कार्य पूर्ण करने की अवधि 18 माह रखी गई है. बेलबोरोय मोड़ से मुख्य पथ वाया लकड़टंगा तक 2.100 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा. इस योजना पर 2 करोड़ 9 लाख 58 हजार 500 रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य है. कुंडहित प्रखंड में कटना से मंगरायडीह तक 3.300 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा. योजना की अनुमानित लागत 3 करोड़ 55 लाख 87 हजार 100 रुपये है. कार्य पूर्ण करने की अवधि 15 माह निर्धारित है. इन चारों सड़कों की कुल लंबाई 18.100 किलोमीटर है, जबकि इन योजनाओं पर करीब 15.83 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

सड़कें बनेंगी विकास की कड़ी, नाला में कनेक्टिविटी सुधारना प्राथमिकता : रवींद्रनाथ महतो

विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. चार महत्वपूर्ण सड़कों की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं बढ़ेंगी. कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार को गति देने वाली विकास की मजबूत कड़ी है. इन सड़कों के निर्माण से गांव मुख्य मार्गों से बेहतर तरीके से जुड़ेंगे. ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी. कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा.


विज्ञापन
जियाराम मुर्मू

लेखक के बारे में

By जियाराम मुर्मू

मैं जियाराम मुर्मू वर्ष 2009 से प्रभात खबर, जामताड़ा से जुड़ा हुआ हूं. मैं विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की जनमुद्दे जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, ग्रामीण विकास सहित ग्रामीणों की समस्याओं को लगातार उठा रहा हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola