जमशेदपुर में 16 जुलाई को बदलेगा ट्रैफिक रूट, दोपहर 2 से रात 11 बजे तक रहेगी नो-एंट्री

Author Nikhil Sinha|Edited by Bhumi Sharma
Updated:
विज्ञापन
AI GENERATED

यातायात (Photo: AI GENERATED)

जमशेदपुर में 16 जुलाई को रथ यात्रा के कारण यातायात रूट में बदलाव किया गया है. दोपहर 2 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री रहेगी. पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

श्री जगन्नाथ महाप्रभु रथ यात्रा-2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी कर ली गयी है. इसके लिए सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी परिवर्तन किया गया है. रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और बच्चों की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने के लिए जिला पुलिस व प्रशासन द्वारा शहर के कई मार्ग को डायवर्ट भी किया गया है, ताकि आम लोगों को कोई परेशानी नहीं हो.

भारी गाड़ियों के लिए नया समय

रथ यात्रा के भव्य आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने 16 जुलाई को नो-एंट्री के समय में आंशिक बदलाव किया है. 16 जुलाई को दोपहर दो से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. रथ यात्रा के समापन के बाद नो-एंट्री की समय सारणी पूर्व की भांति यथावत लागू हो जायेगी. इस संबंध में एसएसपी डाॅ एहतेशाम वकारिब और डीएसपी यातायात नीरज कुमार ने साकची, बिष्टुपुर, मानगो, जुगसलाई और परसुडीह थाना प्रभारियों समेत सभी संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया है. प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है ताकि रथ यात्रा का पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके.

एंबुलेंस के लिए रहेगी विशेष छूट

जिला प्रशासन ने आदेश में यह साफ स्पष्ट किया है कि रथ यात्रा के दौरान आपातकालीन सेवाओं में कोई बाधा न आये. सभी यातायात थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं कि वे रथ यात्रा के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में एंबुलेंस के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें.

16 जुलाई को ये मार्ग रहेंगे परिवर्तित

रथ यात्रा के दिन 16 जुलाई को वोल्टास गोलचक्कर से छगनलाल होते हुए रीगल गोलचक्कर तक आने-जाने वाले दोनों मार्ग पूरी तरह से बंद रहेंगे. वोल्टास गोलचक्कर से साकची जाने वाले वाहन खरकई, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह हरिजन बस्ती, धतकीडीह टीओपी, लोयला स्कूल, लोयला लाइट सिग्नल और जुबिली पार्क होते हुए साकची की ओर जायेंगे. वहीं, साकची से जुगसलाई की ओर जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर से तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और वोल्टास गोलचक्कर होते हुए जुगसलाई की ओर जायेंगे.

गोलमुरी और मानगो से बिष्टुपुर-जुगसलाई आवागमन

गोलमुरी से साकची-बिष्टुपुर जाने वाले वाहन जेएनएसी चौक, नया रोड, करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होते हुए बिष्टुपुर की तरफ जायेंगे. वहीं, मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहनों को मरीन ड्राइव से होकर बिष्टुपुर-जुगसलाई की ओर जाना होगा.

मानगो, डिमना और पारडीह क्षेत्र में डायवर्जन

जब रथ यात्रा बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक होकर डिमना चौक की ओर जायेगी, उस वक्त साकची से आने वाले वाहनों को मानगो चौक से मानगो थाना होते हुए पारडीह चौक की ओर भेजा जायेगा. वहीं, लौटते वक्त रथ यात्रा जब डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए राजस्थान भवन की ओर जायेगी, तो डिमना चौक पर वाहनों को रोककर पारडीह चौक की ओर डायवर्ट किया जायेगा. पारडीह चौक से वाहनों को मानगो चौक की तरफ डायवर्ट किया जायेगा.

सुंदरनगर से साकची-बिष्टुपुर व स्टेशन मार्ग सुंदरनगर की ओर से आने वाले वाहन करनडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय, चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन जायेंगे. दोपहिया वाहन मंदिर की बगल वाली गली से होकर मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड के रास्ते रेलवे स्टेशन जा सकेंगे.


विज्ञापन
Nikhil Sinha

लेखक के बारे में

By Nikhil Sinha

Add image

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola