00 माॅनसून से पहले बड़े नालों की होगी सफाई, 3 जोन में 90 कर्मी करेंगे काम

Published by : ASHOK JHA Updated At : 06 May 2026 9:32 PM

विज्ञापन

जमशेदपुर (फाइल फोटो)

मानगो नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को जलजमाव, धूल और अंधेरे से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई, सड़कों की नाइट स्वीपिंग और हाइ मास्ट लाइटों के रखरखाव के लिए मास्टर प्लान तैयार किया है.

विज्ञापन

मानगो नगर निगम ने तैयार की योजना, जल जमाव और धूल से मुक्ति के लिए तैनात होंगे 160 सफाई मित्र

तीन जोन में बंटा नालों की सफाई का काम, 15 मई तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया, जून के पहले सप्ताह से धरातल पर उतरेगी योजना

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

मॉनसून से पहले मानगो में बड़े नालों की सफाई करायी जायेगी. बारिश में नालों का पानी घरों में नहीं घुसे, इसके लिए मानगो नगर निगम ने योजना तैयार की है. मानगो को तीन जोन में बांटकर काम कराया जायेगा. इसके तहत तेजाब तालाब से सुवर्णरेखा नदी तक क्षेत्र में कुंवर बस्ती और उससे सटे बड़े नालों की सफाई होगी. जवाहर नगर से देशबंधु लाइन से रोड नंबर-13 के कब्रिस्तान से मयंक मृणाल अस्पताल होते हुए देशबंधु लाइन तक के बड़े नालों को दुरुस्त किया जायेगा. शांतिनगर से खड़िया बस्ती में पारस नगर, बाबा फर्नीचर और डिमना चौक के बड़े नालों की सफाई कर उन्हें नदी से जोड़ा जायेगा. कुल 90 सफाई कर्मी (प्रति जोन 30) अभियान में उतरेंगे.

रात में होगी सड़कों की सफाई

मानगो चौक से डिमना और पुरुलिया रोड तक अब रात में सफाई होगी. इसके लिए निगम ने 70 सफाई कर्मियों की टीम तैयार की है. दिन में सफाई व्यवस्था से यह अलग होगी. मानगो चौक से डिमना चौक के बीच 30 कर्मी तैनात रहेंगे. वहीं, न्यू और ओल्ड पुरुलिया रोड के लिए 20-20 कर्मी रात में झाड़ू लगायेंगे. विशेष सफाई अभियान के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है.

24 से 48 घंटे में दूर होगी लाइट की समस्या

नगर निगम ने क्षेत्र में लगी 12, 16 और 20 मीटर की खराब पड़ी हाइमास्ट लाइटों को दुरुस्त करने का प्लान तैयार किया है. इसके तहत 365 दिन के मेंटेनेंस का खाका बनाया गया है. डिमना रोड, मानगो चौक, ओल्ड पुरुलिया रोड और चेपा पुल जैसे व्यस्त इलाकों की लाइटों को प्राथमिकता दी जायेगी. अगर लाइट ठीक होने के बाद फिर से खराब होती है. तो संबंधित एजेंसी को तुरंत दुरुस्त करना होगा. इसकी निगरानी नगर निगम की टीम करेगी.

वर्जन….

मॉनसून से पहले नालों की सफाई और रात में सड़कों की सफाई का काम धरातल पर दिखने लगेगा. हमारा लक्ष्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाना है.

– कृष्ण कुमार, उप नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम

विज्ञापन
ASHOK JHA

लेखक के बारे में

By ASHOK JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola