झामुमो ने केंद्र सरकार के गलत नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ खोला मोर्चा, जमशेदपुर में प्रदर्शन

Published by :KumarVishwat Sen
Published at :07 May 2026 5:50 PM (IST)
विज्ञापन
Jamshedpur News

जमशेदपुर में प्रदर्शन करते झामुमो के नेता. फोटो: प्रभात खबर

JMM Protest: जमशेदपुर में झामुमो ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर विरोध जताया. नेताओं ने गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

जमशेदुपर से दश्मत सोरेन की रिपोर्ट

JMM Protest: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने गुरुवार को जमशेदपुर में केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया. साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के सामने झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, ग्रामीण महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए.

धरना से पहले निकाली गई पदयात्रा

धरना से पहले झामुमो कार्यकर्ताओं ने साकची अंबेडकर चौक से उपायुक्त कार्यालय तक पदयात्रा निकाली. इस दौरान कई ग्रामीण महिलाएं अपने सिर पर जलावन की लकड़ी लेकर शामिल हुईं. कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महंगाई तथा बेरोजगारी को लेकर विरोध जताया.

भाजपा केवल वादा करना जानती है: विक्टर सोरेन

धरना को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू नहीं करती. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को गैस सिलेंडर दिया, लेकिन अब गैस की कीमतें लगातार बढ़ाकर गरीबों की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूंजीपतियों और बड़े उद्योग घरानों के इशारे पर काम करती है और उसे गरीबों तथा आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है. विक्टर सोरेन ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है. उन्होंने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा.

रोजगार के नाम पर युवाओं को मिला धोखा

विक्टर सोरेन ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को रोजगार देने और उनके हाथों में हुनर देने का वादा किया था, लेकिन अब बेरोजगार युवाओं को पकौड़ी तलने की सलाह दी जा रही है. उन्होंने कहा कि देश के युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, जबकि सरकार रोजगार सृजन के बजाय केवल भाषण देने में लगी है. उन्होंने लोगों से भाजपा की कथनी और करनी को समझने की अपील करते हुए कहा कि यदि भाजपा सत्ता में बनी रही तो आम लोगों का जीवन और कठिन हो जाएगा. धरना प्रदर्शन के बाद झामुमो नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र भी सौंपा.

महंगाई हटानी है तो भाजपा हटानी होगी: मंगल कालिंदी

जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि भाजपा गरीबों और मजदूरों की पार्टी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के हित में काम करती है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों को उनकी जमीन से बेदखल कर उद्योग घरानों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र में भाजपा की सरकार रहेगी, तब तक महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों को राहत नहीं मिलेगी. मंगल कालिंदी ने कहा कि यदि देश से महंगाई और बेरोजगारी खत्म करनी है तो भाजपा को सत्ता से हटाना होगा.

केंद्र की नीतियां जनता के हित में नहीं: कुणाल षाडंगी

पूर्व विधायक और झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाडंगी ने कहा कि जिसने भी भाजपा पर भरोसा किया, उसे निराशा ही मिली. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां आम लोगों के लिए नहीं बल्कि पूंजीपतियों और बड़े उद्योग घरानों के लिए बनाई जाती हैं. उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीतियां गरीबों के हित में होतीं तो आज आम लोग महंगाई और बेरोजगारी से परेशान नहीं होते. उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आम परिवारों का बजट बिगड़ता जा रहा है. कुणाल षाडंगी ने कहा कि आम नागरिकों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है और लोगों का जीवन मुश्किल होता जा रहा है.

महंगाई का सीधा असर परिवारों पर पड़ रहा: लक्ष्मण टुडू

पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कहा कि गैस सिलेंडर और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि छोटे होटल, रेहड़ी-पटरी वाले और छोटे व्यवसायी भी महंगाई की मार झेल रहे हैं. गरीब परिवारों के लिए दो वक्त की रोटी और ईंधन की व्यवस्था करना भी कठिन होता जा रहा है.

लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनाकर जताया विरोध

धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व सांसद सुमन महतो समेत अन्य महिला नेताओं ने लकड़ी के चूल्हे पर चाय बनाकर गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का विरोध जताया. महिला नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि गरीब परिवारों के लिए उसे खरीदना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि अब गरीब परिवार फिर से लकड़ी और जलावन के सहारे खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: महंगाई के विरोध में चतरा झामुमो का धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ किया जमकर नारेबाजी

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता

धरना-प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन, बाघराय मार्डी, महावीर मुर्मू, चंद्रशेखर टुडू, प्रीतम हेंब्रम समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म रहा और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

इसे भी पढ़ें: निशिकांत दुबे का हेमंत सरकार पर बड़ा हमला, बोले- एनडीए के साथ मिलकर काम करना मजबूरी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola