Jamshedpur News : सोनारी एयरपोर्ट से इंडिया वन एयर की कोलकाता उड़ान बाधित, भुवनेश्वर सेवा नियमित, यात्री परेशान

Published by :RAJESH SINGH
Published at :19 Apr 2026 1:47 AM (IST)
विज्ञापन
jamshedpur

जमशेदपुर (फाइल फोटो)

Jamshedpur News : सोनारी एयरपोर्ट से भुवनेश्वर और कोलकाता की उड़ानों में बढ़ती अनियमितता ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

विज्ञापन

ट्रेनों की लेटलतीफी पहले से ही बनी हुई है मुसीबत

कनेक्टिंग फ्लाइट या ट्रेन पकड़ना भी हुआ मुश्किल

नौ सीटर प्लेन से उड़ान भरते हैं यात्री

कोलकाता के लिए सिर्फ 23, 25 और 27 अप्रैल के लिए ही हो रही टिकट बुकिंग

जमशेदपुर से भुवनेश्वर का किराया 4,114 रुपये प्लस टैक्स व कोलकाता का 2,999

Jamshedpur News :

सोनारी एयरपोर्ट से भुवनेश्वर और कोलकाता की उड़ानों में बढ़ती अनियमितता ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भुवनेश्वर रूट पर सेवाएं अपेक्षाकृत सामान्य हैं, लेकिन कोलकाता की उड़ानें बार-बार बाधित हो रही हैं और बुकिंग भी सीमित है. स्पष्ट जानकारी के अभाव में खासकर व्यवसायिक यात्रियों में नाराजगी है. रेल सेवाओं की सुस्ती ने स्थिति और गंभीर बना दी है. सोनारी एयरपोर्ट से भुवनेश्वर और कोलकाता के लिए संचालित हवाई सेवाओं में लगातार अनियमितता देखने को मिल रही है. जहां भुवनेश्वर के लिए उड़ानें अपेक्षाकृत नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, वहीं कोलकाता की फ्लाइट सेवा पर बार-बार ब्रेक लगने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कोलकाता रूट पर टिकट बुकिंग फिलहाल बंद है, जबकि भुवनेश्वर के लिए टिकटों की बुकिंग हो रही है. इस स्थिति से शहर के नियमित यात्रियों, खासकर बड़े बिजनेसमैन को काफी परेशानी हो रही है. एयरलाइन कंपनी इंडिया वन एयर की ओर से भी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है.

जमशेदपुर से भुवनेश्वर का किराया 4,114 रुपये प्लस टैक्स निर्धारित है. वहीं, कोलकाता के लिए 2,999 रुपये है. जानकारी के अनुसार, कोलकाता रूट पर 23 अप्रैल से बुकिंग शुरू होने की बात कही जा रही है, लेकिन उड़ानें रोजाना उपलब्ध नहीं होंगी. नौ सीटर विमान के लिए फिलहाल 23, 25 और 27 अप्रैल के लिए ही टिकट की बुकिंग हो रही है. इसके अलावा बीच के दिनों में कोई बुकिंग उपलब्ध नहीं है. मई में भी कोलकाता के लिए बुकिंग रुक-रुक कर हो रही है. इस अनियमितता के कारण उन यात्रियों की परेशानी और बढ़ गयी है, जो कोलकाता या भुवनेश्वर से कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हैं. यात्रियों का कहना है कि पहले से ही ट्रेने सेवा प्रभावित है. काफी देर से चल रही हैं, ऐसे में हवाई सेवाओं में भी अनिश्चितता से उनकी मुश्किलें और बढ़ गयी हैं. रेल सेवाओं की सुस्ती के साथ-साथ हवाई सेवा में अस्थिरता से यात्री खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं.

जमशेदपुर-कोलकाता हवाई सेवा को मिल चुका है विस्तार

जमशेदपुर से कोलकाता हवाई सेवा को केंद्र सरकार ने रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत विस्तार की मंजूरी दे दी है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हवाई सेवा देने वाली इंडिया एयर की मूल कंपनी जीएसइसी मोनार्क एंड डेक्कन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को इसकी लिखित सूचना दे दी है. यह विस्तार 31 जनवरी को समाप्त हो रही योजना के तहत दिया गया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, जमशेदपुर-कोलकाता रूट को 87 दिनों का विस्तार मिला है, जिससे यह सेवा अब 18 मई तक जारी रहेगी. साथ ही कोलकाता–कूचबिहार–कोलकाता रूट को 108 दिनों का विस्तार दिया गया है. हालांकि, शर्त रखी गई है कि यदि इन रूटों पर कोई दूसरी विमानन कंपनी सेवा शुरू करती है, तो यह सपोर्ट समाप्त कर दिया जाएगा.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के जीएम संदीप झा ने स्पष्ट किया है कि कंपनी को सपोर्ट अवधि के भीतर अपनी उड़ान को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना होगा. केंद्र सरकार की ओर से यह सहायता तीन वर्षों के लिए दी गयी थी. विस्तार के बाद टाटा स्टील ने भी अपनी सुविधाएं जारी रखी हैं.

क्या कहते हैं कारोबारी :

वैसे कारोबारी, जो कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हैं. आना जाना करते है. उनको काफी दिक्कत हो रही है. इंडिया वन एयर की कोलकाता और भुवनेश्वर की फ्लाइट रेगुलर नहीं है. कभी भुवनेश्वर सेवा बंद रहती है तो कभी कोलकाता. इसे रेगुलर करने के लिए सरकार और प्रशासन को हस्तक्षेप करना चाहिए.

-मानव केडिया, अध्यक्ष, सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स

——————————————————हमलोगों के लिए हवाई सेवा बहुत जरूरी है. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट जब तक नहीं बन जाता, तब तक कम से कम छोटे विमान की सेवा यहां से मिलती रही. कनेक्टिंग फ्लाइट कोलकाता या भुवनेश्वर से ली जा सकती है. यहां से फ्लाइट की संख्या बढ़नी चाहिए ताकि लोग आना-जाना कर सके.

-इंदर अग्रवाल, अध्यक्ष, एसिया

क्या कहती है विमान कंपनी :

भुवनेश्वर के लिए फ्लाइट रेगुलर है. विधानसभा चुनाव के कारण कोलकाता में थोड़ी समस्या है, लेकिन हम उसे दूर कर रहे हैं. कुछ दिनों तक विमान को लेकर दिक्कत थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है. रेगुलर विमान सेवा देने की कोशिश कर रहे हैं.

– प्रेम गर्ग, एमडी, इंडिया वन एयर (सोनारी एयरपोर्ट से विमान सेवा देने वाली कंपनी)B

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola